विदेश

एथेंस में 6 लोगों की मौत और 3 घायल, धमाके से इमारत का एक हिस्सा ढहने से हुआ था हादसा

Athens Explosion: एथेंस में धमाके की वजह से इमारत का एक हिस्सा ढहने से 6 लोगों ने अपनी जान गंवा दी!
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Athens explosion causes part of building to collapse
एथेंस में धमाके से ढहा इमारत का एक हिस्सा (Photo - VIdeo Screenshot from @i_christian__)

ग्रीस (Greece) की राजधानी एथेंस (Athens) में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ! एक इमारत में जोर का धमाका हो गया! इस धमाके की वजह से इमारत का एक हिस्सा ढह गया! यह धमाका एथेंस के ऐतिहासिक प्लाका इलाके में एक्रोपोलिस के पास लिसिक्रैटस स्ट्रीट पर बनी दो मंज़िला इमारत में हुआ। इस हादसे के बाद 6 लोग लापता हो गए थे। अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है।

6 लोगों की हुई मौत

एथेंस के प्लाका इलाके में एक्रोपोलिस के पास लिसिक्रैटस स्ट्रीट पर बनी दो मंज़िला इमारत में शुक्रवार को हुए धमाके के बाद इमारत का हिस्सा ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई। इमारत के मलबे से सभी 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जिसकी जानकारी स्थानीय फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट ने दी। बताया जा रहा है कि इन 6 शवों में से चार अमेरिकी नागरिकों के हैं जो पहली इमारत की पहली मंजिल पर कुछ समय के लिए किराए पर रह रहे थे। वहीँ एक शव एक बुज़ुर्ग ग्रीक महिला का बताया जा रहा है और एक शव उसके ब्रिटिश पति का बताया जा रहा है, जो इमारत की दूसरी मंजिल पर रहते थे।

3 लोग घायल

एथेंस में धमाके की वजह से इमारत का एक हिस्सा ढहने के कारण 3 लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। तीनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घायलों में से दो महिलाएं धमाके में पास की एक इमारत में मौजूद थीं और एक अन्य व्यक्ति सड़क से गुज़र रहा था, उसी दौरान यह हादसा हुआ।

किस वजह से हुआ हादसा?

एथेंस में धमाका किस वजह से हुआ, फिलहाल इसका अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारी उस इमारत और उसके आस-पास की प्रॉपर्टी में नेचुरल गैस नेटवर्क में किसी संभावित खराबी की जांच कर रहे हैं। राजधानी के मेयर ने भी इस मामले में कहा है कि धमाके का संबंध संभव रूप से गैस इंफ्रास्ट्रक्चर से था। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि धमाके से पहले वहाँ रहने वाले लोगों को भी गैस की गंध आई थी।

Updated on:
26 Sept 2026 08:10 pm
Published on:
26 Sept 2026 07:55 pm