विदेश

गोल्डी बराड़ को पकड़ने के लिए FBI का बड़ा ऐलान, अधिकारी बोले- गिरफ्तारी तक नहीं छोड़ेंगे पीछा

Lawrence Bishnoi Gang: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी गोल्डी बराड़ को पकड़ने के लिए FBI ने अपना अभियान तेज कर दिया है। अमेरिकी एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी तक पीछा जारी रखने का ऐलान किया है। कनाडा ने भी उसे मोस्ट वांटेड भगोड़ा घोषित कर इनाम रखा है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 1:42 PM IST
Goldy Brar
लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ (फोटो सोर्स- ANI)

Goldy Brar: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी और भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने साफ कर दिया है कि उसकी गिरफ्तारी तक बराड़ का पीछा जारी रहेगा। FBI के वरिष्ठ अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि एजेंसी तब तक संतुष्ट नहीं होगी, जब तक गोल्डी बराड़ को गिरफ्तार कर अमेरिकी अदालत में मुकदमे का सामना नहीं करवाया जाता। वहीं, कनाडा ने भी उसे देश का सबसे वांछित भगोड़ा घोषित किया है।

FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है गोल्डी बराड़

गोल्डी बराड़ का नाम FBI की 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया गया था। FBI के लॉस एंजिलिस कार्यालय के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने उस समय कहा था कि बराड़ को सड़कों से हटाना जरूरी है। हाल ही में 'इनसाइड द FBI' पॉडकास्ट में ग्रैंडी ने कहा कि एजेंसी तब तक संतुष्ट नहीं होगी, जब तक बराड़ को गिरफ्तार कर अमेरिकी अदालत में उसके कथित अपराधों के लिए मुकदमे का सामना नहीं करवाया जाता। उन्होंने कहा कि इन अपराधों से अमेरिका ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के नागरिक प्रभावित हुए हैं। ग्रैंडी के अनुसार, बराड़ को उसकी हिंसक गतिविधियों और उस पर लगे कई गंभीर आरोपों के आधार पर FBI की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया गया है।

गिरफ्तारी में मदद करने पर 10 लाख डॉलर का इनाम

FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर का इनाम देने का ऐलान किया है। ग्रैंडी ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास बराड़ के बारे में कोई जानकारी या सुराग है तो वे एजेंसी से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि FBI को मिलने वाली हर सूचना को गंभीरता से लिया जाता है। जानकारी देने वाले लोगों की पहचान और उनकी ओर से साझा की गई सूचनाएं गोपनीय रखी जाएंगी।

कनाडा में भी घोषित हुआ 'मोस्ट वांटेड'

सिर्फ अमेरिका ही नहीं, कनाडा की पुलिस भी गोल्डी बराड़ की तलाश में जुटी है। कनाडाई अधिकारियों ने उसे देश का सबसे वांछित (Most Wanted) भगोड़ा घोषित किया है। वहां की BOLO (Be On The Lookout) संस्था ने उस पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम रखा है। कनाडाई पुलिस के अनुसार, गोल्डी बराड़ 2023 में हुई सुखदूल सिंह गिल की हत्या और खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में भी मुख्य संदिग्धों में शामिल है।

Updated on:
21 Nov 2026, 1:42 PM IST
Published on: