
El Chapo Isidro Arrest: मैक्सिको में सुरक्षा बलों ने FBI की मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल ड्रग तस्कर फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिद्रो को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर रात विशेष बलों ने सिनालोआ राज्य के गुआसावे शहर में एक सैन्य अभियान चलाया, जिसमें उसे और उसके दो संदिग्ध साथियों को हिरासत में ले लिया गया। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में कार्टेल से जुड़ी हिंसा भड़क गई, अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत की खबर है।
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाई गईं और विस्फोटकों से हमला किया गया। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में झड़पें शुरू हो गईं। शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे सेना और नेशनल गार्ड की टुकड़ियों ने मेजा फ्लोरेस को घटनास्थल से मेक्सिको सिटी पहुंचाया, जहां उसे संघीय अभियोजकों को सौंप दिया जाएगा।
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार विशेष सैन्य बलों ने तकनीकी निगरानी उपकरणों की मदद से मेजा फ्लोरेस के ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी अलग-अलग दिशाओं से चुपके से उस जगह पहुंचे और घर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना लिया।
मंत्रालय ने बताया कि गोलियों और विस्फोटकों से हमला किए जाने के बावजूद सुरक्षा बल उस जगह के अंदर घुसने और संदिग्धों को हिरासत में लेने में कामयाब रहे। मेजा फ्लोरेस के साथ-साथ अधिकारियों ने उसके संगठन के दूसरे सबसे बड़े कमांडर और एक वित्तीय संचालक को भी पकड़ा है।
कार्टेल से जुड़े बंदूकधारियों ने सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद गुआसावे में कई जगहों पर सड़कें जाम कर दीं। रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम 10 स्थानों पर गाड़ियों को आग के हवाले कर रास्ते बंद किए गए। कई ट्रकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी आग के हवाले कर दिया गया। इस हिंसा का असर आम जनता पर भी पड़ा है। गुआसावे के कुरोडा पार्क स्टेडियम में एक पेशेवर बेसबॉल मैच के दौरान गोलीबारी की आवाज़ें सुनी गईं, जिससे दर्शकों और खिलाड़ियों के बीच दहशत फैल गई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागते हुए देखा जा सकता है। सुरक्षा हालात को देखते हुए मैच को रद्द करना पड़ा। मेक्सिको के सुरक्षा सचिव, ओमार गार्सिया हारफुच ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिनालोआ में सैन्य बल तैनात रहेंगे। उन्होंने इन गिरफ्तारियों को क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस को फरवरी 2025 में FBI की दस मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल किया गया था। अमेरिकी विदेश विभाग ने उसकी गिरफ्तारी और दोषसिद्धि में मदद करने वाली जानकारी देने पर 5 मिलियन डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी।
FBI के अनुसार, मेजा फ्लोरेस 'मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन' का कथित सरगना है। उस पर अमेरिका में हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटेनाइल और मारिजुआना की बड़े पैमाने पर तस्करी करने और हथियारों से जुड़े अपराधों के आरोप हैं।
उस पर पहली बार 2 मई 2012 को अमेरिका में आरोप तय किए गए थे। इसके बाद 26 नवंबर 2019 को उसके खिलाफ एक नया संघीय अभियोग और गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। वह एक दशक से भी अधिक समय तक पकड़े जाने से बचने में कामयाब रहा था।
मेजा फ्लोरेस को बेल्ट्रान लेवा गुट से जुड़ा एक पूर्व एनफोर्सर बताया जाता है। यह गुट लंबे समय से जोकिन एल चापो गुजमैन के नेतृत्व वाले सिनालोआ कार्टेल का प्रतिद्वंद्वी रहा है। मेजा फ्लोरेस पर उत्तरी सिनालोआ में नशीले पदार्थों की तस्करी के रास्तों और नेटवर्क पर नियंत्रण रखने का आरोप है। मेक्सिको में उसके नेटवर्क पर अपहरण, जबरन वसूली, यातना और हत्या जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप है।
हर्मोसिलो में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने सिनालोआ के अहोमे, गुआमुचिल, गुआसावे और नावोलाटो क्षेत्रों में सुरक्षा अभियानों, सशस्त्र झड़पों, सड़कों पर रुकावटें डालने और वाहनों को जलाने की घटनाओं की सूचना दी है।
वाणिज्य दूतावास ने इन क्षेत्रों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने, सुरक्षित रूप से अपने घरों के अंदर रहने, अनावश्यक आवाजाही कम करने और लॉस मोचिस तथा कुलियाकान के बीच मेक्सिकन फेडरल हाईवे 15 पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। इसमें यह भी चेतावनी दी गई कि हवाई और बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।