विदेश

ईरान में अचानक आई बाढ़, 3 लोगों की मौत

Flash Floods In Iran: ईरान में अचानक आई बाढ़ की वजह से हाहाकार मच गया। इस वजह से 3 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 5:39 PM IST
Flash floods in Iran
ईरान में अचानक आई बाढ़ (Photo - Video Screenshot from @K24English)

ईरान (Iran) में कई जगह इस समय लोग मौसम की मार झेल रहे हैं। उत्तर-पश्चिमी प्रांत वेस्ट अज़रबैजान (West Azerbaijan) के सलमास (Salmas) जिले में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ (Flash Floods) आने से हाहाकार मच गया। बाढ़ की वजह से 3 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक 10 साल की बच्ची भी शामिल है। बाढ़ की वजह से जिले के कई गांव प्रभावित हुए। दो लोगों की मौत की पुष्टि गुरुवार को ही हो गई। दोनों शव एक वाहन में फंसे मिले, जिसे बाढ़ के पानी ने घेर लिया था। सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने दोनों शवों को वाहन से निकालकर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिए। तीसरे मृतक का शव 14 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद आज शुक्रवार को मिला। यह शव उस जगह से करीब 8 किलोमीटर दूर मिला जहाँ व्यक्ति को आखिरी बार देखा गया था।

6 लोग घायल

बाढ़ की वजह से ईरान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत वेस्ट अज़रबैजान के सलमास जिले में 6 लोग घायल भी हो गए। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती रिपोर्ट्स में कुछ लोग लापता बताए गए थे, लेकिन लापता लोगों के सटीक आंकड़े की पुष्टि नहीं हुई है। सर्च एंड रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

17 घरों को पहुंचा नुकसान

बाढ़ की वजह से प्रभावित इलाकों में 17 घरों को नुकसान पहुंचा, जिनमें करीब 78 लोग रहते थे। रेड क्रिसेंट की टीमों ने इन घरों से पानी निकाला और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। तेज़ बारिश और अचानक आई बाढ़ की वजह से कुछ इलाकों में मुख्य सड़कें भी कुछ समय के लिए बाधित रही। करीब 11 वाहन बाढ़ की वजह से दलदल में धंस गए।

राहत कार्य जारी

बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्य जारी है। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्कता बनाए रखने और नदी किनारे या निचले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि खतरा अभी भी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। बाढ़ की वजह से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सटीक आकलन भी किया जा रहा है।

Updated on:
23 Oct 2026, 5:39 PM IST
Published on: