
G7 Summit India-US Relations: फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात में दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौतों, वैश्विक निवेश और समुद्री सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई, जिसने भारत-अमेरिका के मजबूत रिश्तों को एक नई ऊंचाई दी है।
जी7 शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि फ्रांस में उनकी कई अच्छी बैठकें हुईं और भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर काम चल रहा है और दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है और नए कारखाने स्थापित किए जा रहे हैं, जिसमें भारत की भी भागीदारी है। उन्होंने पीएम मोदी को अपना पुराना मित्र बताते हुए दोनों देशों के संबंधों को बेहद अच्छा करार दिया
बैठक के दौरान समुद्री सुरक्षा और नाविकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा कि हमने हमेशा कहा है कि नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जानी चाहिए और हमें इस पर जोर भी देना चाहिए। समुद्री व्यापार क्षेत्र में दुनिया के विभिन्न समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक कार्यरत हैं। मेरा मानना है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है… मुझे विश्वास है कि (ईरान के साथ) समझौते में नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी।
जिसके बाद ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुए हमले में मारे गए 3 भारतीय नाविकों के बारे में उन्होंने सुना है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'यह एक कठिन पेशा है और हम इसमें मिलकर काम करते हैं। ऐसा पहले भी होता रहा है, लेकिन हम मिलकर काम करते हैं।'
पीएम मोदी की इन चिंताओं और दोनों देशों के रिश्तों पर बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, भारत को व्हाइट हाउस में एक महान मित्र प्राप्त है… यहां हर कोई भारत से प्यार करता है और इस (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) व्यक्ति के प्रति अपार सम्मान रखता है। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को देखते हुए मुझे ऐसा ही लगता है कि भारत हर चीज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेता हैं, भारत एक बड़ी भूमिका निभाता रहेगा।