विदेश

गाजा के इजराइली हवाई हमले में स्वास्थ्य अधिकारी के बेटे की मौत, पहले बेटी को भी खो चुके हैं मुनीर अल-बुर्श

Israel Gaza Conflict: गाजा में इजराइली हवाई हमले में स्वास्थ्य मंत्रालय के महानिदेशक मुनीर अल-बुर्श के बेटे बसीर की मौत हो गई। दिसंबर 2023 में अल-बुर्श अपनी बेटी को भी इजराइली हमले में खो चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Sep 20, 2026
Israel Gaza conflict, Gaza health ministry
इजराइली हमले में गाजा के स्वास्थ्य अधिकारी के बेटे की मौत (फोटो सोर्स- @MusabAlShareef0)

Gaza Israeli Attack: इजराइली हवाई हमले में गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के महानिदेशक मुनीर अल-बुर्श के बेटे बसीर की मौत हो गई है। हमले के बाद सामने आए फुटेज में अल-बुर्श और अन्य लोग बसीर के शव को कंबल में लपेटकर अल-शिफा अस्पताल ले जाते दिखाई दिए। उन्होंने बेटे के साथ हुई आखिरी बातचीत को भी याद किया, जिसमें बसीर ने हमले की आशंका जताई थी। इससे पहले दिसंबर 2023 में एक घर पर हुए इजराइली हवाई हमले में मुनीर अल-बुर्श की बेटी की भी मौत हो चुकी है, जिसमें वे खुद भी घायल हो गए थे।

'पापा, वे हमें निशाना बनाएंगे'- बेटे की आखिरी बातचीत

मुनीर अल-बुर्श ने बेटे के साथ हुई अंतिम बातचीत को याद करते हुए बताया कि मैं उसके साथ टेंट में था और उसने कहा, 'पापा, वे हमें निशाना बनाएंगे, आपको और मुझे एक साथ।' इस पर अल-बुर्श ने कहा था कि कोई बात नहीं, हम साथ में जन्नत जाएंगे। अल-बुर्श ने कहा कि उनके बेटे ने कहा कि वे उसे निशाना बनाएंगे और वह नहीं चाहता था कि दोनों एक साथ शहीद हों। इसके बाद वह टेंट से बाहर चला गया, जहां उस पर हमला कर दिया गया और उसकी मौत हो गई।

पिता बोले- उसने हमें गर्व महसूस कराया

अल-बुर्श ने अपने बेटे को याद करते हुए कहा कि हम उसे सर्वशक्तिमान अल्लाह की खातिर शहीद मानते हैं… उसने अपनी मातृभूमि के लिए वह किया जो उसे करना था। उसने लड़ाई लड़ी, प्रतिरोध किया और वह एक नायक था। उसने हमें गर्व महसूस कराया।

बच्ची की गोलीबारी में मौत

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि मध्य गाजा पट्टी में स्थित नुसेरात कैंप के उत्तर में इजराइली सेना ने गोलीबारी की थी। इस गोलीबारी में 10 साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया।

गाजा शहर के पास दो और लोगों की मौत

गाजा के अल-शिफा अस्पताल और नागरिक सुरक्षा (हमास के अधिकार क्षेत्र में काम करने वाली बचाव एजेंसी) से मिली जानकारी के अनुसार, गाजा शहर के पास दो अलग-अलग हमले हुए। इन हमलों में दो फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

इजराइली सेना का जवाब नहीं आया

न्यूज एजेंसी एएफपी (AFP) ने इन हमलों को लेकर इजराइली सेना से सवाल पूछा था, लेकिन उनकी तरफ से तुरंत कोई जवाब नहीं आया। पिछले साल अक्टूबर में अमेरिका की मध्यस्थता से युद्धविराम पर सहमति बनी थी, लेकिन इसके बाद भी इजराइल गाजा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

Updated on:
20 Sept 2026 09:34 am
Published on:
20 Sept 2026 08:47 am