
GTA 6 global launch: 13 साल का इंतजार खत्म हो गया है। दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम में शामिल ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (जीटीए)-6 का वैश्विक लॉन्च शुरू हो चुका है। भारत में गेम बुधवार रात 12 बजे से अनलॉक हो गया। गेम को लेकर दीवानगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कंपनियां कर्मचारियों को छुट्टी दे रही हैं, वहीं अमरीका में सैनिकों को भी गेम खेलने के लिए चार दिन का पास दिया गया है।
रॉकस्टार गेम्स का यह गेम 2013 में आए जीटीए-5 के करीब 13 साल बाद आया है। जीटीए फ्रेंचाइजी की अब तक 47 करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी हैं। अकेले जीटीए-5 की बिक्री 23 करोड़ से अधिक रही है। सेंसर टावर का के मुताबिक 17 नवंबर तक जीटीए-6 के 1.59 करोड़ डिजिटल प्री-ऑर्डर हो चुके थे, जिनकी कीमत करीब 1.54 अरब डॉलर आंकी गई है।
अमरीका की थर्ड इन्फैंट्री डिवीजन ने उन सैनिकों को चार दिन का पास देने की घोषणा की थी, जिन्होंने 1 अगस्त से 14 नवंबर के बीच दोबारा सेवा में बने रहने का अनुबंध किया। कैलिफोर्निया की एक कंपनी ने भी कर्मचारियों की छुट्टी की मांग बढ़ने के कारण 19 नवंबर को कामकाज रोकने का फैसला किया।
भारत में जीटीए-6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपए और अल्टीमेट एडिशन की 7,499 रुपए है। गेम प्लेस्टेशन-5 और एक्सबॉक्स सीरीज एक्स/एस पर उपलब्ध होगा। पीसी संस्करण की लॉन्च तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। भारत के 11 शहरों में ब्लिंकिट ने गेम के कलेक्टिबल बॉक्स और डाउनलोड कोड की डिलीवरी भी शुरू कर दी है।
गेम की कहानी लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवल नाम के किरदारों पर आधारित है। पहले ही हफ्ते में गेम के 3.25 से 5.2 अरब डॉलर तक की कमाई करने का अनुमान है। लॉन्च के आसपास छुट्टियों की बुकिंग में 32% की बढ़ोतरी देखी गई है, जिसमें भारत 60% के उछाल के साथ आगे है। ब्रिटेन में प्री-लोड के दौरान ब्रॉडबैंड नेटवर्क के पुराने रिकॉर्ड टूट गए। लॉन्च के दिन रॉकस्टार गेम्स और यूट्यूब मिलकर 24 घंटे की ग्लोबल लाइवस्ट्रीम होस्ट करेंगे, जिसे हिंदी समेत 7 भाषाओं में देखा जा सकेगा।