विदेश

हिज़बुल्लाह ने इज़रायल को दी धमकी – ‘एकतरफा सीज़फायर बर्दाश्त नहीं’

Israel-Lebanon Conflict: लेबनान में सीज़फायर के बावजूद इज़रायल और हिज़बुल्लाह में तनाव कम नहीं हो रहा है। वहीँ इज़रायल की तरफ से बार-बार सीज़फायर का उल्लंघन किया जा रहा है। ऐसे में हिज़बुल्लाह ने इज़रायल को धमकी दे दी है।

2 min read
Apr 27, 2026
Hezbollah warns Israel
Hezbollah warns Israel

इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) में भले ही सीज़फायर चल रहा है, लेकिन तनाव अभी भी काफी ज़्यादा है और कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन ही इज़रायल की तरफ से सीज़फायर का उल्लंघन करने के मामले सामने आ रहे हैं। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने सीज़फायर और फिर उसे बढ़ाने की घोषणा के दौरान साफ कर दिया था कि इज़रायल अब लेबनान पर और हमले नहीं करेगा, लेकिन इसके बावजूद साउथ लेबनान में इज़रायली सेना आए दिन ही हमले कर रही है। ऐसे में अब हिज़बुल्लाह ने इज़रायल को धमकी दे दी है।

'एकतरफा सीज़फायर बर्दाश्त नहीं'

इज़रायल पर सीज़फायर के लगातार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए हिज़बुल्लाह ने धमकी दी है कि उसे एकतरफा सीज़फायर बर्दाश्त नहीं है। हिज़बुल्लाह ने यह भी साफ कर दिया है कि सीज़फायर इज़रायल और लेबनान के बीच में हुआ था और वो कभी भी इसके पक्ष में नहीं था क्योंकि उसे पता था कि इज़रायल कभी भी उचित रूप से सीज़फायर की शर्तों का पालन नहीं करेगा।

इज़रायल को दिया जाएगा करारा जवाब

हिज़बुल्लाह ने साफ कर दिया है कि वो इज़रायल को लेबनानी ज़मीन पर कब्ज़ा जारी रखने की अनुमति नहीं देगा और न ही इज़रायली हमलों के जारी रहने पर उन्हें सहेगा। हिज़बुल्लाह ने ठान ली है कि इज़रायल को करारा जवाब दिया जाएगा। पिछले 48-72 घंटे में हिज़बुल्लाह की एक्टिविटी बढ़ गई है। हिज़बुल्लाह के लड़ाके न सिर्फ साउथ लेबनान में इज़रायली सैनिकों को निशाना बनाते हुए हमले कर रहे हैं, बल्कि नॉर्थ इज़रायल को भी निशाना बना रहे हैं और ड्रोन अटैक कर रहे हैं। हिज़बुल्लाह ने नॉर्थ इज़रायल के निवासियों को संबोधित करते हुए एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें हिज़बुल्लाह ने चेतावनी दी है कि उस इलाके में रहने वाले निवासी सुरक्षित नहीं हैं।

Updated on:
29 Apr 2026 12:46 pm
Published on:
27 Apr 2026 12:07 pm