
ईरान के रणनीतिक तटीय इलाकों के पास एक के बाद एक दो बड़े धमाकों की आवाज सुनाई दी। ईरानी न्यूज एजेंसी ने बताया कि केशम द्वीप और जास्क बंदरगाह के पास रविवार तड़के दो धमाकों की आवाज सुनाई दी। अल जजीरा ने रविवार तड़के रिपोर्ट किया कि स्थानीय मीडिया ने इन आवाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी गतिविधियों से जोड़ा है।
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम और सरकारी टेलीविज के मुताबिक केशम द्वीप पर दो अलग-अलग धमाके सुनाई दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) की नौसेना ने जानकारी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गए।
IRGC ने कहा कि दोनों तेल टैंकर अपना नेविगेशन सिस्टम बंद करके जलडमरूमध्य के एक असुरक्षित रास्ते से गुजर रहे थे। तभी तेल टैंकर समुद्र में बिछाए गए बारूदी माइंस से टकरा गए। जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ और समुद्री सुरंगों के टकराने के बाद वह रुक गए।
इधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) बलों ने सटीक हवाई हमलों के जरिए ओमान की खाड़ी में एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज को निष्क्रिय कर दिया। अमेरिकी सेना ने आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि जहाज के चालक दल ने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और ईरान के खिलाफ लागू सक्रिय नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश की।
शनिवार को जारी CENTCOM ने बताया कि एक अमेरिकी सैन्य विमान ने सेंट किट्स के झंडे वाले जहाज M/V हुदा के पिछले हिस्से को सटीक निशाने वाले हथियारों से निशाना बनाया, ताकि वह चलने लायक न रहे। सेंटकॉम ने यह भी बताया कि व्यापारिक जहाज के असैन्य चालक दल को सीधे निर्देश दिए गए कि जान का नुकसान टालने के लिए वे निशाना बनाए जाने वाले हिस्सों को खाली कर दें।