विदेश

Hormuz Strait: ईरान-ओमान के बीच कूटनीतिक हलचल तेज, हॉर्मुज स्ट्रेट खुलने की बढ़ी उम्मीद

Iran Oman negotiations: Hormuz Strait को फिर से खोलने को लेकर ईरान और ओमान के बीच कूटनीतिक वार्ता में प्रगति हुई है। अमेरिका भी इन बातचीतों पर करीबी नजर बनाए हुए है, जिससे हॉर्मुज स्ट्रेट के जल्द खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।
2 min read
Jul 26, 2026
Iran-oman talks on Strait of Hormuz.
फाइल फोटो- IANS

Iran-Oman talks: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे में हॉर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसे लेकर ईरान और ओमान एक बार फिर साथ आए हैं। दोनों देशों के बीच इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को लेकर वार्ता का दौर शुरू हुआ है। इस वार्ता पर अमेरिका की भी नजर है। इस संबंध में एक रिपोर्ट में दोनों देशों के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ईरान और ओमान के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि किसी भी नतीजे तक पहुंचने के लिए अभी और समय की जरूरत होगी।

वार्ता के मद्देनजर ईरान पर अमेरिकी बमबारी रुकी?

ओमान के अधिकारी शुक्रवार को बातचीत के लिए तेहरान पहुंचे थे। यह कूटनीतिक पहल ऐसे समय हुई, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी बमबारी रोकने का फैसला किया। इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) लगातार 13 रातों तक ईरान पर बमबारी कर रहा था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान और ओमान के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आमने-सामने की कूटनीतिक वार्ता को प्रभावित होने से बचाने के लिए अमेरिकी बमबारी को जानबूझकर रोका गया।

हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस संबंध में जब व्हाइट हाउस और अमेरिकी सेंट्रल कमांड से सवाल पूछे गए, तो दोनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि वाशिंगटन, ओमान और ईरान के बीच चल रही इन वार्ताओं पर करीबी नजर बनाए हुए है।

'ईरान समझौता करना चाहता है' : डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी शुक्रवार को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में दावा किया था कि ईरान समझौता करना चाहता है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि वे अभी इसके लिए तैयार हैं। मुझे नहीं लगता कि अभी सही समय है, लेकिन मैं उनकी बात सुनने के लिए तैयार हूं।' हालांकि, हॉर्मुज स्ट्रेट को खोले जाने को लेकर ओमान और ईरान के बीच वार्ता के बावजूद तेहरान के खिलाफ अमेरिकी सेंट्रल कमांड की नाकेबंदी जारी है। यह कार्रवाई ईरानी बंदरगाहों की ओर जाने वाले समुद्री परिवहन को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

Updated on:
26 Jul 2026 09:42 am
Published on:
26 Jul 2026 09:42 am