विदेश

‘यह शर्मनाक है, उम्मीद करता हूं कि ये बहुत जल्द खत्म हो…’ पाक में भारत की एयरस्ट्राइक पर बोले ट्रंप

Operation Sindoor: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, हमने इसके बारे में सुना है। यह शर्मनाक है। उम्मीद करता हूं कि यह बहुत जल्द खत्म हो।
2 min read
• •
Updated: 7 May 2025, 10:54 AM IST
Feature image

Operation Sindoor: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर जबरदस्त एयरस्ट्राइक की है। भारतीय वायुसेना द्वारा चलाए गए इस अभियान को ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। यह कार्रवाई मंगलवार रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में आतंक के कई अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया। भारत की इस निर्णायक सैन्य कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है, जिसमें सबसे अहम अमेरिका की प्रतिक्रिया मानी जा रही है।

ट्रंप ने दी प्रतिक्रिया, कहा- यह शर्मनाक है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, हमने इसके बारे में सुना है। यह शर्मनाक है। उम्मीद करता हूं कि यह बहुत जल्द खत्म हो। कोई भी दो ताकतवर देशों को युद्ध के रास्ते पर जाते नहीं देखना चाहता। ट्रंप ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही परमाणु ताकतें हैं और उनका टकराव पूरी दुनिया के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने आगे कहा, इन दोनों देशों का इतिहास बहुत पुराना है और तनाव अभी चरम पर है, लेकिन आज की दुनिया युद्ध नहीं, शांति चाहती है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने दी प्रतिक्रिया

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने भी भारत की सैन्य कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, हमें रिपोर्टों की जानकारी है। हालांकि, इस समय हमारे पास कोई स्वतंत्र आकलन नहीं है। यह एक उभरती हुई स्थिति है और हम घटनाक्रम पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।

भारत ने मित्र देशों को दी जानकारी

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और रूस को कार्रवाई की जानकारी दी है। वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों ने इन देशों के अपने समकक्षों से बात कर भारत की सैन्य कार्रवाई और इसके पीछे के कारणों को विस्तार से साझा किया है। इससे स्पष्ट है कि भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय को विश्वास में लेकर आगे की कूटनीतिक रणनीति पर काम कर रहा है।

Updated on:
7 May 2025, 10:54 AM IST
Published on: