विदेश

भारत से कड़वाहट दूर करने की कवायद, तारिक रहमान सरकार उठाने जा रही बड़ा कदम

भारत और बांग्लादेश के बीच जमी बर्फ आखिर पिघलने लगी है! तारिक रहमान सरकार ने रिश्तों में कड़वाहट दूर करने के लिए कौन सा बड़ा कदम उठाया है? खेल से लेकर वीजा सेवाओं तक, दोनों देशों के संबंधों में सुधार होने वाला है। पूरी खबर यहां पढ़ें।

less than 1 minute read
Feb 20, 2026
PM Narendra Modi and Tarique Rahman
Indian PM Narendra Modi and Bangladeshi PM Tarique Rahman

India-Bangladesh relations: आम चुनाव संपन्न होने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों पर जमी बर्फ पिघलनी शुरू हो गई है। एक ओर जहां दोनों देशों के बीच वीजा सेवाएं बहाल होने के संकेत मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तारिक रहमान सरकार के नए खेल मंत्री अनीमुल हक ने भारत के साथ खेल संबंधों को बेहतर करने की मंशा जाहिर की है।

खेल संबंधों में सुधार की पहल

बांग्लादेश के खेल मंत्री अनीमुल हक ने कहा कि वह आईसीसी (ICC) पुरुष टी-20 विश्व कप से बांग्लादेश की अनुपस्थिति संबंधी मुद्दे को शीघ्रता से हल करना चाहते हैं। उन्होंने इस विषय पर भारत के उप-उच्चायुक्त से मुलाकात की और टी-20 वर्ल्ड कप पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इस बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया। बांग्लादेश की ओर से सभी मामलों को जल्द सुलझाने की इच्छा व्यक्त की गई है और पड़ोसी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

जल्द बहाल होंगी सभी वीजा सेवाएं

दोनों देशों के रिश्तों में सुधार को देखते हुए बांग्लादेश में भारत के वरिष्ठ वाणिज्य दूत (Consular Officer) अनिरुद्ध दास ने कहा कि नई दिल्ली जल्द ही बांग्लादेश में सभी वीजा सेवाओं को पूरी तरह बहाल करेगी।

अनिरुद्ध दास ने 'सिलेहट जिला प्रेस क्लब' में बातचीत के दौरान बताया कि वर्तमान में भारत द्वारा मेडिकल और डबल-एंट्री वीजा जारी किए जा रहे हैं। पर्यटन (Travel) सहित अन्य वीजा श्रेणियों को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।

शपथ ग्रहण में शामिल हुए थे लोकसभा अध्यक्ष

बांग्लादेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, फ्रांसीसी राष्ट्रपति के भारत दौरे और 'एआई इम्पैक्ट समिट' की मेजबानी में व्यस्तता के चलते, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।

Published on:
20 Feb 2026 10:02 am