विदेश

रियाद टावर हमले में दो भारतीय घायल, विदेश मंत्रालय ने कहा- तुरंत बंद हों ऐसे हमले

Indians injured in Riyadh: रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में टावर पर हमले में दो भारतीय घायल। विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की, तुरंत हमले रोकने की मांग की और सऊदी अरब के प्रति एकजुटता जताई।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:57 AM IST
Riyadh financial district attack
Riyadh financial district attack : एक हफ्ते में दूसरी बार रियाद के वित्तीय जिले में टावर पर हमला, 11 घायल, चार देशों के नागरिक शामिल (फोटो सोर्स:X@Osint613)

Riyadh Financial District Attack: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर पर हुए हमले में दो भारतीय घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बयान जारी कर इस हमले की कड़ी निंदा की। मंत्रालय ने ऐसे हमलों को तुरंत बंद करने की मांग भी की है।

MEA statement Riyadh: विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

मंत्रालय के मुताबिक, 24 नवंबर को रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट के एक टावर पर हुआ हमला और सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने वाले लगातार हमले चिंताजनक हैं। बयान में कहा गया कि ये हमले आम लोगों की जान को गंभीर खतरे में डालते हैं और सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं। साथ ही ये पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।

भारत ने सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ मजबूती से खड़े होने की बात दोहराई। बयान में कहा गया कि भारत सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और वहां के नागरिकों व निवासियों की सुरक्षा के लिए उसके साथ है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति लौटेगी।

घायलों की मदद में जुटा दूतावास

बयान के अनुसार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायल भारतीयों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता दे रहा है। मंत्रालय ने घायलों की हालत के बारे में अलग से कोई जानकारी साझा नहीं की है।

कुल 11 लोग घायल

सऊदी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार के हमले में कम से कम 11 लोग घायल हुए। सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि घायलों में दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं। सऊदी अधिकारियों ने इसे यमन के हूती समूह का आतंकी हमला बताया है। भारत के बयान में किसी संगठन का नाम नहीं लिया गया है। रॉयटर्स की तस्वीर में पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) का टावर दिखाई दिया, जिसके बारे में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसे निशाना बनाया गया।

एक हफ्ते में दूसरा हमला

यह एक हफ्ते से भी कम समय में रियाद के वित्तीय सेंटर में किसी टावर पर हुआ दूसरा हमला है। इससे पहले 19 नवंबर को हुए हमले में एक टावर और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा था, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं थी।

बंदरगाहों को निशाना बनाने की चेतावनी

रियाद के हमले के बाद हूती समूह ने चेतावनी दी है कि अगर सऊदी अरब ने यमन के हुदैदा बंदरगाह पर हमले की अपनी धमकी पर अमल किया, तो वह जेद्दा बंदरगाह और लाल सागर तट के सभी सऊदी बंदरगाहों को निशाना बनाएगा। ताजा घटनाक्रम हूती और सऊदी अरब के बीच बढ़ते टकराव को दिखाता है, जिसमें दोनों तरफ रणनीतिक ढांचे को निशाना बनाया जा रहा है।

Updated on:
25 Nov 2026, 10:57 AM IST
Published on: