विदेश

भारत ने रूस-बेलारूस सैन्याभ्यास में लिया हिस्सा, अमेरिका की बढ़ सकती है टेंशन

भारत ने हाल ही में रूस-बेलारूस सैन्याभ्यास में हिस्सा लिया। देश के रक्षा मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि की। भारत के इस कदम से अमेरिका की टेंशन बढ़ सकती है।
2 min read
Sep 17, 2025
India joins Russia-Belarus military drills
India joins Russia-Belarus military drills (Photo - ANI)

भारत (India) ने हाल ही में रूस (Russia) और बेलारूस (Belarus) के संयुक्त सैन्याभ्यास में हिस्सा लिया। पांच दिन तक चले 'ज़ापाड 2025' (Zapad) सैन्याभ्यास में मंगलवार को भारतीय सैनिकों ने हिस्सा लिया, जिसकी पुष्टि भारतीय रक्षा मंत्रालय के साथ ही रूसी मीडिया एजेंसी ने भी की। भारत के रूस से संबंध काफी मज़बूत हैं जो बात जगजाहिर है। भारत और बेलारूस के बीच भी काफी अच्छे संबंध हैं। दोनों देशों से अच्छे संबंधों के चलते ही भारत ने 'ज़ापाड 2025' सैन्याभ्यास में अपने सैनिक भेजे।

भारत के कितने सैनिकों ने लिया हिस्सा?

रूस-बेलारूस सैन्याभ्यास में भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट के 65 सैनिकों ने हिस्सा लिया, जिसकी जानकारी भारतीय रक्षा मंत्रालय ने दी। पांच दिन तक चले 'ज़ापाड 2025' में करीब 1 लाख सैनिकों ने हिस्सा लिया। यह सैन्याभ्यास रूस और बेलारूस के 41 ट्रेनिंग सेंटर्स पर हुआ। इसमें 333 फाइटर जेट्स और पनडुब्बियों सहित 247 नेवी शिप्स शामिल हुए।

'ज़ापाड 2025' का उद्देश्य

रूस और बेलारूस के बड़े पैमाने पर किए गए इस सैन्याभ्यास का उद्देश्य अपनी युद्ध की तैयारी और रक्षा क्षमताओं का परीक्षण करने के लिए किया गया। साथ ही नाटो देशों के खिलाफ अपनी रक्षा साझेदारी को मज़बूत करने और ज़रूरत पड़ने पर उनसे निपटने के लिए 'ज़ापाड 2025' का आयोजन किया गया।

अमेरिका की बढ़ सकती है टेंशन

रूस और बेलारूस के बड़े पैमाने पर किए गए 'ज़ापाड 2025' सैन्याभ्यास पर अमेरिका (United States Of America) समेत नाटो के सभी सदस्य देशों की नज़रें थीं। ये सभी देश पहले से ही रूस और यूक्रेन युद्ध से परेशान चल रहे हैं और काफी कोशिशों के बावजूद भी इसे रोक पाने में कामयाब नहीं हो रहे हैं। टैरिफ मामले में भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ समय से खटपट चल रही है। हालांकि अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump), भारत से संबंधों को वापस ट्रैक में लाने की कोशिशों में जुट गए हैं। लेकिन इसी बीच भारत के 'ज़ापाड 2025' सैन्याभ्यास में शामिल होने से अमेरिका की टेंशन बढ़ सकती है।

अन्य देशों की भागीदारी

भारत के अलावा, ईरान, बांग्लादेश, बुर्किना फासो, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, माली, नाइज़र और ताजिकिस्तान ने सक्रिय रूप से 'ज़ापाड 2025' में हिस्सा लिया। चीन, कंबोडिया, क्यूबा, कज़ाकिस्तान, मंगोलिया, म्यांमार, निरागुआ, नॉर्थ कोरिया, पाकिस्तान, सर्बिया, थाईलैंड, यूएई और उज़्बेकिस्तान के पर्यवेक्षक भी इस सैन्याभ्यास को देखने पहुंचे। अमेरिकी सैन्य अधिकारी भी सोमवार को पहली बार निमंत्रण पर 'ज़ापाड 2025' का निरीक्षण करने पहुंचे।

Published on:
17 Sept 2025 10:16 am