विदेश

हज 2027 की तैयारियों पर भारत-सऊदी की अहम बैठक, 1 लाख से ज्यादा भारतीय यात्रियों के लिए व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Indian Hajj pilgrims: हज 2027 की तैयारियों को लेकर भारत और सऊदी अरब के अधिकारियों ने बैठक की। राजदूत विपुल ने जेद्दा एयरपोर्ट के हज टर्मिनल और हरमैन रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
Haj Committee of India
Haj Committee of India (फोटो- X post/ @CGIJeddah)

India-Saudi Arabia Relations: हज 2027 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने रविवार को हज और उमरा मंत्रालय के उप मंत्री अब्दुलफत्ताह बिन सुलेमान अल-मशात से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने हज 2027 की तैयारियों और भारतीय हज मिशन के साथ आगे भी बेहतर तालमेल बनाए रखने पर चर्चा की। इसके साथ ही राजदूत ने जेद्दा एयरपोर्ट के हज टर्मिनल और हरमैन हाई स्पीड रेलवे स्टेशन का दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं भी देखीं।

सऊदी अधिकारियों के साथ हुई बैठक

भारतीय दूतावास के मुताबिक, राजदूत विपुल के साथ जेद्दा में भारत के महावाणिज्यदूत फहद सूरी और हज काउंसल सादफ चौधरी भी मौजूद थीं। बैठक में सऊदी हज और उमरा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। दोनों पक्षों ने हज 2027 के लिए होने वाली तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही भारतीय हज मिशन और सऊदी मंत्रालय के बीच लगातार करीबी तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया।

हज टर्मिनल और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

तैयारियों के तहत राजदूत ने जेद्दा एयरपोर्ट के हज टर्मिनल और हरमैन हाई स्पीड रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। इन दोनों जगहों पर उन्होंने सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और यात्रियों की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर आगामी हज के लिए तैयारियों पर चर्चा की।

1 लाख से ज्यादा भारतीय जायरीन के लिए अहम व्यवस्था

कांसुलेट के मुताबिक, हर साल हज कमेटी ऑफ इंडिया के रास्ते 1 लाख से ज्यादा भारतीय जायरीन (यात्री) सऊदी अरब पहुंचते हैं। ऐसे में जेद्दा का हज टर्मिनल और हरमैन ट्रेन सेवा भारतीय जायरीन के पहुंचने और आगे जाने के लिहाज से बेहद अहम हैं।

अगस्त में भी हुई थी अहम बैठक

हज 2027 की तैयारियों को लेकर भारत की ओर से अगस्त में भी सऊदी अधिकारियों के साथ कई बैठकें की गई थीं। 9 अगस्त को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव श्रीवत्स कृष्ण ने हज और उमरा मंत्रालय के योजना एवं डिजिटल बदलाव विभाग के उप मंत्री अब्दुलअजीज अल-मथमई और नुसुक मसार टीम के साथ बैठक की थी। इसमें भारत और सऊदी के हज पोर्टल को तकनीकी रूप से जोड़ने, नई तकनीक के इस्तेमाल और सेवाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई थी।

Updated on:
04 Oct 2026 09:55 pm
Published on:
04 Oct 2026 09:55 pm