विदेश

भारत ने कराची बंदरगाह पर 6 महीने से ज़्यादा समय से फंसे 6 नाविकों के लिए पाकिस्तान से की राजनयिक अपील

भारत ने अपने 6 नाविकों के लिए पाकिस्तान से राजनयिक अपील की है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:09 PM IST
Randhir Jaiswal
रणधीर जायसवाल (Photo - @MEA)

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (Randhir Jaiswal) ने आज प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि कराची बंदरगाह पर 6 महीने से ज़्यादा समय से एक जहाज पर फंसे 6 भारतीय नाविकों की समस्या को सुलझाने के लिए भारत (India) ने पाकिस्तान (Pakistan) से राजनयिक अपील की है। इस मामले में भारत शिपिंग ऑपरेटरों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।

कब तक नहीं उतर सकते नाविक?

जायसवाल ने बताया कि इस मामले में हो रही लंबी देरी, नाविकों और जहाज के मालिक के बीच रोजगार और चालक दल से जुड़े विवाद के कारण है। समुद्री नियमों के अनुसार जब तक उनकी जगह लेने के लिए कोई नया दल नहीं आ जाता, तब तक मौजूदा नाविक जहाज से उतर नहीं सकते। जायसवाल ने इस मामले में समझाते हुए कहा, "यह जहाज के मालिक और जहाज पर मौजूद नाविकों के बीच का मामला है। आप बस ऐसे ही जहाज छोड़कर नहीं जा सकते। आपके जाने से पहले आपकी जगह लेने के लिए दूसरा चालक दल आना ज़रूरी है। भारत इस स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है और कई संबंधित पक्षों के साथ समन्वय किया जा रहा है। जहाज के मालिक के साथ सीधी बातचीत के अलावा पाकिस्तान के साथ राजनयिक माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।"

नाविकों की भलाई और सुरक्षा महत्वपूर्ण

मीडिया ब्रीफिंग के दौरान जायसवाल ने कहा, "हमारे भारतीय नाविकों की भलाई और सुरक्षा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। तेहरान में हमारे मिशन और बंदर अब्बास में हमारे वाणिज्य दूतावास ने नाविक अक्षय हरीश से संपर्क कर लिया है।"

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह भी पुष्टि की कि ईरान के चाबहार बंदरगाह पर फंसे एक अन्य भारतीय नाविक अक्षय हरीश को वापस लाने के लिए एक 'इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट' जारी किया गया है। कोल्लम के प्रक्कुलम का रहने वाला हरीश, ईरान में बिना पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के फंसा हुआ है। उसके साथ ऐसा तब हुआ जब उसके जहाज से जुड़ी कुछ समस्याएं आईं, क्षेत्रीय संघर्ष हुआ और इस दौरान उसके ज़रूरी कागज़ात खो गए।

उसकी सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंताओं पर बात करते हुए जायसवाल ने बताया, "9 नवंबर को हरीश से संपर्क करने के तुरंत बाद तेहरान में भारतीय दूतावास और बंदर अब्बास में वाणिज्य दूतावास ने मामले में दखल दिया। ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भारतीय अधिकारियों ने उनकी घर वापसी के लिए एक 'इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट' जारी किया। अब वह घर लौटने के लिए तैयार हैं। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि वह जल्द से जल्द अपने घर, भारत और केरल वापस आ सकें। इस संबंध में हम उसे नौकरी देने वाले नियोक्ता के साथ लगातार संपर्क में हैं।"