विदेश

चार जहाज, चार भारतीयों की मौत, दो लापता: सुरक्षा परिषद में भारत की दो टूक, अब सीधे दोनों पक्षों से बात

Black Sea shipping Attacks: कभी भारत ने अपने ही देश में लाखों लोगों को भूख से मरते देखा था। उसी दर्दनाक इतिहास की याद दिलाते हुए भारत ने दुनिया के सबसे बड़े मंच पर ऐसी बात कही, जो हर पेट और हर परिवार से जुड़ती है। आखिर भारत ने क्या कहा?
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 9:04 AM IST
India UNSC Black Sea
India UNSC Black Sea : काला सागर में भारतीय नाविकों की जान पर बन आई: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने कहा, बंद हो जहाजों पर हमले (फोटो सोर्स: ANI)

India UNSC Black Sea: रूस-यूक्रेन जंग का असर अब सिर्फ मोर्चे तक सीमित नहीं रहा, काला सागर में खड़े और चलते जहाजों पर हो रहे हमले भारतीय परिवारों के लिए भी दर्द बन चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने इन्हीं हमलों पर कड़ा रुख अपनाया। भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने साफ कहा कि व्यापारिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, क्योंकि इसकी कीमत दुनिया की थाली और भारतीय नाविकों की जान से चुकानी पड़ रही है।

Black Sea Shipping Attacks: व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हमले रोकने की मांग

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक उच्च स्तरीय बैठक में भारत ने काला सागर में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने सोमवार को स्थानीय समय के अनुसार यह बात रखी। उन्होंने कहा कि जंग अब पांचवें साल में है और जुड़ी हुई वैश्विक सप्लाई चेन के कारण इसकी आंच हर देश तक पहुंच रही है।

दुनिया के अनाज उत्पादन में काला सागर की बड़ी हिस्सेदारी

पर्वतनेनी ने आंकड़ों के जरिए काला सागर की अहमियत समझाई। उनके मुताबिक इस इलाके और भारत का मिला-जुला अनाज उत्पादन दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से के बराबर है। गेहूं, मक्का और जौ के निर्यात में अकेले रूस और यूक्रेन की हिस्सेदारी करीब एक चौथाई है। इसलिए यहां जहाज रुकते हैं तो असर दूर बैठे गरीब देशों की थाली पर पड़ता है।

हमलों में भारतीय नाविकों की गई जान, दो अब भी लापता

उन्होंने बताया कि हाल के हमलों में भारतीयों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। एमवी ओमोरफी पर 18 जुलाई को हुए हमले में एक भारतीय क्रू सदस्य की जान गई। अक्टूबर में एमवी रॉयद ममादोव पर हमले के वक्त तीन भारतीय सवार थे। एमवी गोल्डन लियो और एमवी एजीएन रैगनार पर हुए हमलों में चार भारतीय नाविक मारे गए और दो लापता हैं। उन्होंने सहयोगी देशों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने नाविकों को वतन लौटाने और घायलों की देखभाल में मदद की।

बंगाल अकाल का जिक्र कर युद्ध के गंभीर परिणामों की दिलाई याद

भारतीय राजदूत ने 1943 के बंगाल अकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें 30 लाख से ज्यादा लोग मारे गए थे। यह दिखाता है कि दूर की लड़ाई और युद्धकालीन प्राथमिकताएं आम इंसान के लिए कितनी भारी पड़ सकती हैं।

भारत ने बताया कि वह अब सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि जहाजों और नाविकों की सुरक्षा तथा अनाज निर्यात गलियारों को लेकर दोनों पक्षों से सीधे बात कर रहा है। भारत और लाइबेरिया ने इसी महीने संयुक्त राष्ट्र में "ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेयरर्स" शुरू किया है। यह स्वैच्छिक व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के काम को ताकत देती है।

थोड़ा और जानिए

काला सागर अनाज के लिए दुनिया का अहम रास्ता माना जाता है। 2022 में जंग शुरू होने के बाद यहां से अनाज की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई थी। उस वक्त तुर्किये और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए "ब्लैक सी ग्रेन इनिशिएटिव" से कुछ समय के लिए राहत मिली थी, लेकिन वह समझौता 2023 में टूट गया था। भारतीय नाविक दुनिया के समुद्री कार्यबल का बड़ा हिस्सा हैं, इसलिए वैश्विक जहाजरानी में किसी भी खतरे का सीधा असर भारतीय परिवारों पर पड़ता है।

राजदूत ने कहा कि वैश्विक दक्षिण के लिए शांति कोई अमूर्त विचार नहीं है। यह तब पूरी होती है जब भूखे का पेट भरे, जहाज बंदरगाह पहुंचे और नाविक सही-सलामत घर लौटे।

Updated on:
24 Nov 2026, 9:04 AM IST
Published on:
Also Read
View All