
Oxford University Racism: ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में PhD कर रही भारतीय छात्रा कामाक्षी का एक वीडियो ऑनलाइन चर्चा में है। इंस्टाग्राम पर साझा इस वीडियो में उन्होंने शहर के एक स्टोर में हुए नस्लीय भेदभाव से जुड़े अनुभव के बारे में बताया है। साथ ही प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में नस्लवाद पर भी सवाल उठाए हैं।
कामाक्षी के मुताबिक, उनकी एक पुरानी पोस्ट पर नस्लवादी कमेंट किया गया था, जिसके बाद उन्हें लोगों का भारी समर्थन मिला। इसी ने उन्हें ऑक्सफोर्ड में अश्वेत और अन्य गैर-श्वेत लोगों (पीपल ऑफ कलर) के बुरे अनुभवों पर बोलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोगों का गुस्सा देखकर उन्हें लगा कि इन अनुभवों पर चुप रहना समर्थकों के साथ नाइंसाफी है।
छात्रा ने बताया कि वह एक स्थानीय स्टोर में सामान देख रही थीं। तभी एक श्वेत महिला उनके आसपास चक्कर लगाने लगी, जिससे वह काफी असहज हो गईं। बाद में महिला उनके पास आई और बिना पूछे उनके शरीर की गंध पर अपमानजनक टिप्पणी कर दी।
कामाक्षी के अनुसार, महिला ने कहा, "मैं ऐसा करना नहीं चाहती थी, लेकिन करना पड़ रहा है। तुमसे बहुत, बहुत बुरी बदबू आती है।"
यह सुनकर वह सन्न रह गईं। जब तक वह समझ पातीं कि उनके साथ क्या हुआ है, महिला वहां से जा चुकी थी।
कामाक्षी के लिए यह टिप्पणी इसलिए भी ज्यादा तकलीफदेह थी, क्योंकि वह वही परफ्यूम लगाती हैं जो उनके पिता इस्तेमाल करते हैं। इस खास जुड़ाव से सुकून मिलने के बजाय उस दिन वह आहत और परेशान महसूस करती रहीं। उन्होंने बताया कि बाकी पूरा दिन वह खुद को इस तरह समेटने की कोशिश करती रहीं कि किसी का ध्यान उन पर न जाए।
कामाक्षी ने साफ किया कि यह मामला एक बड़े सिलसिले का हिस्सा है। उनके मुताबिक, सड़कों पर होने वाले सूक्ष्म भेदभाव (माइक्रोएग्रेशन) से लेकर खुद संस्थान द्वारा नस्लवादियों को मंच दिए जाने तक, समस्या कई स्तरों पर मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा कोई प्रतिष्ठित संस्थान नहीं है, जिसकी जड़ें नस्लवादी, साम्राज्यवादी या किसी अन्य रूप में विवादित न हों।
ऐसे अनुभवों के असर के बावजूद कामाक्षी ने अपनी सांस्कृतिक पहचान पर कायम रहने की बात कही। उन्होंने भारत में पहले हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान एक दोस्त से मिली सीख याद की: "हम हर दिन लड़ते हैं और हारते हैं, लेकिन इस दुनिया को थोड़ा और अपना बना लेते हैं।"
छात्रा ने कहा कि वह किसी अजनबी को अपने आत्मविश्वास पर असर नहीं डालने देंगी। इसी वजह से वह आज भी देसी कपड़े पहनती हैं, झुमका और बिंदी लगाती हैं और वही परफ्यूम इस्तेमाल करती हैं।
भारत ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भारतीय नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता लगातार दोहराता रहा है।