
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को लेकर भी तनाव की स्थिति है। इस रणनीतिक जलमार्ग पर ईरान का कंट्रोल है और ईरान ने युद्ध की शुरुआत से ही अपना पक्ष बनाए रखा है। वहीँ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) कई मौकों पर होर्मुज स्ट्रेट को 'ट्रंप स्ट्रेट' (Strait of Trump) बताकर इस पर अमेरिकी अधिकार जता चुके हैं। अमेरिका से युद्ध की वजह से ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर रखा है, जबकि अमेरिकी नेवी ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला हुआ है और इससे गुज़रने के लिए अमेरिकी नेवी ने अन्य रास्ते भी सुझाए हैं, जिन्हें ईरान ने अवैध घोषित कर रखा है। अब इस मामले में ईरानी सेना ने कमर्शियल जहाजों को चेतावनी दे दी है।
ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर-जनरल मोहम्मद अकरमिनिया (Mohammad Akraminia) ने चेतावनी दी है कि जब तक अमेरिका, ईरान की प्रस्तावित सभी 7 शर्तें नहीं मान लेता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला जाएगा। इसके साथ ही अकरमिनिया ने सभी कमर्शियल जहाजों को चेतावनी दी कि इस रणनीतिक जलमार्ग को पार करने के लिए अमेरिकी बताए गए फर्जी रास्तों के झांसे में न आएं।
अकरमिनिया ने कहा, "ज़मीनी हकीकत यह है कि होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका द्वारा सुझाए गए इन रास्तों से गुज़रने पर जहाजों को समुद्री बारूदी सुरंगों के खतरे का सामना करना पड़ेगा। समुद्री सुरक्षा की गारंटी सिर्फ आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) की सेना के साथ तालमेल बिठाकर और उनके बताए गए रास्तों का पालन करके ही सुनिश्चित की जा सकती है।"
ईरानी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के अवैध रास्तों में पानी के नीचे समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाई हुई हैं और वो बड़ी खतरनाक हैं। हर दिन कई जहाज ईरानी नेवी को चकमा देकर ईरान द्वारा अवैध घोषित रास्तों के ज़रिए होर्मुज स्ट्रेट से गुज़रने की कोशिश कर रहे हैं और इस दौरान वो अपने सभी नेविगेशन और रडार सिस्टम बंद कर देते हैं। इसके बावजूद इन जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट को पार करने में कामयाबी नहीं मिल पा रही है क्योंकि वो समुद्री बारूदी सुरंगों से नहीं बच पा रहे हैं। इन समुद्री बारूदी सुरंगों से टक्कर के बाद जहाजों में धमाका होता है और फिर आग लग जाती है।