विदेश

अमेरिका ने ईरान पर किया हमला तो ईरानी सेना ने दिया जवाब, बहरीन में अमेरिकी रडार को बनाया निशाना

Iran-US Conflict: अमेरिका ने एक बार फिर ईरान पर हमला किया है, लेकिन ईरान भी चुप नहीं बैठा। अमेरिकी हमले का जवाब देने के लिए ईरानी सेना ने बहरीन पर हमला कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 2:30 PM IST
Iran missile attack
ईरान का मिसाइल अटैक (Photo - ANI)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच अभी भी शांति की स्थापना नहीं हो पाई है। दोनों देशों के बीच शांति-समझौते पर सहमति नहीं बन पा रही है। इस बीच दोनों पक्षों की तरफ से बयानबाजी और धमकियों का सिलसिला भी बरकरार है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने धमकी दी थी कि ईरान पर भविष्य में होने वाला कोई भी हमला पिछले हमलों की तुलना में 5 गुना ज़्यादा खतरनाक होगा। इसके जवाब में ईरान की सेना वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफज़ल शेकारची (Abolfazl Shekarchi) ने चेतावनी दी कि अगर ट्रंप का दावा सच है, तो ईरान के खिलाफ अमेरिका के किसी भी हमले का जवाब 10 गुना ज़्यादा घातक होगा। इसी बीच अब एक बार फिर दोनों देशों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले कर दिए हैं।

अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला

अमेरिकी सेना ने गुरुवार को ईरान के होरमोज़गन प्रांत के सिरीक शहर में एक दूरसंचार टावर पर हमला किया। इस हमले की वजह से कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

ईरान ने दिया अमेरिकी हमले का जवाब

अमेरिकी हमले के बाद ईरान भी चुप नहीं बैठा और जवाबी कार्रवाई की। आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) ने जानकारी दी कि उसकी सेना ने बहरीन (Bahrain) में स्थित अमेरिकी अर्ली वॉर्निंग रडार को निशाना बनाया और सटीक हमला करते हुए इसे तबाह कर दिया। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बहरीन मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सहयोगी देशों में से एक है। इसी वजह से बहरीन को पहले भी कई बार ईरान के हमलों का सामना करना पड़ा है।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ेगा तनाव

अमेरिका और ईरान के नए हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ना तय है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि उन्होंने मिडिल ईस्ट में अपने सहयोगियों के अनुरोध पर ईरान पर और हमले करने से खुद को रोक लिया। हालांकि इससे कुछ ही घंटे पहले उन्होंने कहा था कि वह ईरान के खिलाफ नए हमले करने में कोई संकोच नहीं करेंगे। वहीँ ईरान का रुख भी साफ है कि वो बातचीत के ज़रिए इस परेशानी का हल निकालना चाहता है, लेकिन अगर उस पर नए हमले हुए, तो उनका करारा जवाब दिया जाएगा।