विदेश

बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान का हमला, IRGC ने दो पैट्रियट रडार को निशाना बनाने का किया दावा

ईरान की IRGC ने दावा किया है कि उसने बहरीन के दो अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मौजूद पैट्रियट एयर डिफेंस रडार को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया। ईरान ने इसे अपने हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन के जवाब में की गई कार्रवाई बताया है।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 7:25 AM IST
Iran Bahrain Attack
बहरीन में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस पर हमला (फ़ोटो- X@MintPressNews/marionawfal)

US-Iran Tension: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उन्होंने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से संयुक्त हमला करके, अमेरिका के दो 'पैट्रियट' एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाया है। ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के अनुसार, IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन में अल-रिफा और अवाली सैन्य ठिकानों पर मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया।

IRGC का दावा- हेंगाम द्वीप पर हुए हमले के जवाब में हमला

IRIB पर जारी एक बयान में IRGC ने कहा है कि यह कार्रवाई अमेरिकी MQ-1 और MQ-9 ड्रोन द्वारा ईरानी हवाई क्षेत्र के बार-बार उल्लंघन और हेंगाम द्वीप पर स्थित एक रडार इंस्टॉलेशन पर हुए हमले के जवाब में की गई है। IRGC ने यह भी दावा किया कि इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना के सुरक्षा और एयर डिफेंस मिशन अपने उद्देश्यों को हासिल करने में विफल रहे, जिसके कारण अमेरिकी सुरक्षा के तहत काम कर रहे सैन्य उपकरणों और जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है।

IRGC ने ईरानी हवाई क्षेत्र को अपनी रेड लाइन बताते हुए भविष्य में किसी भी घुसपैठ के खिलाफ चेतावनी भी जारी की है। उन्होंने कहा कि अगर आगे भी ऐसा उल्लंघन होता है, तो इसका कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी ड्रोन गिराने का फुटेज जारी

इससे पहले, ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB ने कुछ फुटेज जारी किए, जिनमें कथित तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिका के दो सैन्य ड्रोन, एक MQ-9 और एक MQ-1 को गिराते हुए दिखाया गया है।

वहीं, ब्रॉडकास्टर द्वारा जारी एक अन्य वीडियो में IRGC का मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन दिखाई दे रहा है, जिसमें बहरीन के अल-रिफा और अवाली सैन्य ठिकानों पर मौजूद अमेरिका के दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया है। इस वीडियो के साथ जारी संदेश में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) को चुनौती दी गई है कि वह एक और फैक्ट चेक जारी कर अमेरिकी सैन्य उपकरणों को हुए नुकसान से इनकार करे या यह दावा करे कि आईआरजीसी द्वारा उसे निशाना नहीं बनाया गया है।

फिनलैंड की खाड़ी में रूसी जहाज पर यूक्रेनी ड्रोन हमला

इधर, रूस-यूक्रेन युद्ध की आंच अब बाल्टिक क्षेत्र तक पहुंचती दिख रही है, जहां फिनलैंड की खाड़ी में स्पार्टा II नाम के एक कार्गो जहाज पर संदिग्ध यूक्रेनी ड्रोन हमला हुआ है। यह जहाज रूसी सशस्त्र बलों से जुड़ा हुआ है। हमले के बाद जहाज के पिछले हिस्से में आग लग गई और जहाज से घना धुआं उठता दिखाई दिया। चालक दल को सुरक्षित निकालकर पास के एक दूसरे मालवाहक जहाज पर पहुंचा दिया गया, जबकि समुद्र में लगी आग को बुझाने के लिए एक बचाव अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रूसी बचाव जहाज मुरमान भी मदद कर रहा है।

Updated on:
22 Nov 2026, 7:25 AM IST
Published on: