
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। हाल ही में दोनों देशों ने एक-बार फिर एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए। इसी बीच ईरान की आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) को अमेरिका के खिलाफ एक कामयाबी मिली है।
आईआरजीसी ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के पास एक अमेरिकी जासूसी ड्रोन को पकड़ा है। आईआरजीसी की नेवी ने एक बयान में कहा कि उसकी इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर यूनिट के सैनिकों ने होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित केशम आइलैंड (Qeshm Island) के दक्षिण में अमेरिकी सेना के एक जासूसी ड्रोन MQM-170 को पकड़ लिया। ईरानी नेवी ने अमेरिका के इस जासूसी ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के ज़रिए सुरक्षित रूप से उतार लिया।
आईआरजीसी की नेवी ने एक बयान में बताया कि यह इस तरह का चौथा MQM-170 ड्रोन है जिसे इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के ज़रिए कब्ज़े में लिया गया। इतना ही नहीं, अब तक आईआरजीसी की एयर डिफेंस यूनिट्स ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ऐसे 8 ड्रोन सुरक्षित हालत में जब्त किए हैं।
आईआरजीसी ने बताया कि अमेरिका के इस जासूसी ड्रोन का मिशन होर्मुज स्ट्रेट और केशम आइलैंड के पास जासूसी करना था। यह ड्रोन इस इलाके में डिफेंस सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर का पता लगाने और उनकी पहचान करने के मकसद से काम कर रहा था। आईआरजीसी नेवी के एक्सपर्ट्स इस ड्रोन की जांच कर रहे हैं।
आईआरजीसी ने कुछ दिन पहले ही अमेरिकी सेना के एक MQ-1 ड्रोन को मार गिराया। इस ड्रोन को केशम आइलैंड के पास मार गिराया गया। जानकारी के अनुसार इस ड्रोन को मार गिराने के लिए आईआरजीसी ने अपने नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया, जो ईरान के यूनिफाइड एयर डिफेंस नेटवर्क के तहत इस्तेमाल किया जा रहा है। यह आईआरजीसी द्वारा मार गिराया गया 16वां MQ-1 ड्रोन था। अमेरिकी सेना ने 2018 में ही MQ-1 ड्रोन को सेवानिवृत्त कर दिया था। हालांकि ईरान समेत कुछ देशों में अपनी सैन्य कार्रवाई के लिए अमेरिका अभी भी इस ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है।