
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी जहाजों की मदद के रहे नेविगेशन सिस्टम को नष्ट कर दिया गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एक नौसैनिक अधिकारी ने सरकारी टीवी चैनल IRIB को बताया कि ओमान के डिडामार द्वीप पर इन सिस्टम को नष्ट किए जाने के बाद, कल रात उस रास्ते से कोई जहाज नहीं गुजरा और इस इलाके से तेल की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई है।
IRIB के अनुसार, IRGC के एक नौसैनिक अधिकारी ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में चट्टानी इलाकों पर लगे दुश्मन के नेविगेशन सपोर्ट सिस्टम को नष्ट कर दिया गया है। ईरान का आरोप है कि इन सिस्टम का इस्तेमाल उन जहाजों को रास्ता दिखाने के लिए किया जा रहा था, जो ईरान द्वारा अवैध माने जाने वाले रास्तों से गुजरने की कोशिश कर रहे थे, इनमें अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा में चल रहे जहाज भी शामिल थे।
इससे पहले, 8 नवंबर को IRGC ने दावा किया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य से कथित तौर पर अवैध तरीके से गुजर रहे तीन तेल टैंकरों में जोरदार विस्फोट हुए और उनमें आग लग गई। उस समय, ईरान ने आरोप लगाया था कि ये घटनाएं अमेरिकी सेना की हरकतों के कारण हुईं, जिसने कथित तौर पर इन जहाजों के नेविगेशन और ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) को निष्क्रिय कर दिया था।
ईरानी सेना ने चेतावनी देते हुए कहा कि उसने जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए तय नियमों और कानूनी औपचारिकताओं के बारे में कई बार आगाह किया था। सेना ने यह भी चेतावनी दी कि जो जहाज इन निर्देशों को नजरअंदाज करेंगे और अमेरिका के साथ मिलकर अनधिकृत रास्तों का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इस समुद्री मार्ग से दुनिया के कुल तेल व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा आता-जाता है। पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियानों की देखरेख करने वाली यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इन दावों, कथित हमलों या नेविगेशन सिस्टम को नष्ट करने के आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।