
Iran Dirty Bomb Plot: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच एक नई खुफिया रिपोर्ट ने वॉशिंगटन की चिंता बढ़ा दी है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए रेडियोएक्टिव डर्टी बम या केमिकल हथियारों से हमले की योजना बना सकता है। इस संभावित खतरे को देखते हुए अमेरिकी अधिकारियों ने सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल देश की मुख्य भूमि पर कोई तत्काल खतरा नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पिछले हफ्ते अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं। सुरक्षा तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी अनहोनी से निपटा जा सके। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन हर छोटे-बड़े खतरे पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस वक्त अमेरिकी मेनलैंड के लिए किसी सीधे या तुरंत खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे इनपुट्स मिलने के बाद सुरक्षा तैयारियां बढ़ाना एक समझदारी भरा कदम है।
खुफिया रिपोर्ट में एक बेहद चिंताजनक बात सामने आई है। अमेरिकी एजेंसियों ने ईरान के कुछ ऐसे मैसेज और बातचीत को ट्रेस किया है, जिससे संकेत मिलता है कि बम या हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पहले से ही अमेरिका के भीतर किसी गुप्त जगह पर स्टोर करके रखी गई हो सकती है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ सालों में सीमा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में रही ढील का फायदा उठाकर ऐसी सामग्रियां देश के अंदर पहुंचाई गई हो सकती हैं। विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि भले ही ईरान की ताकत अचानक न बढ़ी हो, लेकिन मिडिल ईस्ट में अमेरिका द्वारा बनाए जा रहे आर्थिक और सैन्य दबाव के जवाब में वह लड़ाई का दायरा बढ़ाने की सोच सकता है।
डर्टी बम कोई पारंपरिक परमाणु बम (Nuclear Bomb) नहीं होता। इसमें कोई बड़ा परमाणु विस्फोट नहीं होता, बल्कि एक साधारण धमाके के जरिए रेडियोएक्टिव कचरे या केमिकल पदार्थों को हवा में फैला दिया जाता है। इस बम का इस्तेमाल किसी एक व्यक्ति को सटीक निशाना बनाने के बजाय लोगों में डर और दहशत फैलाने के लिए किया जाता है। धमाके से भले ही तुरंत कम लोग प्रभावित हों, लेकिन इससे फैलने वाले रेडियोएक्टिव पदार्थ आसपास के बड़े इलाके को दूषित कर सकते हैं। वहां रहने वाले लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है और प्रभावित जगह लंबे समय तक रहने लायक नहीं रह सकती।
यह खुफिया अलर्ट ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी एजेंसियों की अपने ही देश में हाथ-पैर बंधे हुए महसूस हो रहे हैं। विदेशी नागरिकों की निगरानी और उनसे जुड़े कम्युनिकेशन को ट्रैक करने वाला एक प्रमुख अमेरिकी सर्विलांस कानून हाल ही में संसद और व्हाइट हाउस के बीच खींचतान के कारण खत्म हो गया। हालांकि पुराने आदेशों के तहत मार्च 2027 तक ट्रैकिंग जारी रहेगी, लेकिन नए कानून के बिना आने वाले समय में ऐसे किसी गुप्त प्लान को वक्त रहते पकड़ना खुफिया एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।