विदेश

ईरान में आर्थिक संकट की भयावह तस्वीर, लोग बेच रहे शरीर के अंग; किडनी से लेकर कॉर्निया तक के विज्ञापन!

ईरान में गहराते आर्थिक संकट और बढ़ते कर्ज ने लोगों को शरीर के अंग बेचने पर मजबूर कर दिया है। एक जांच में टेलीग्राम पर 600 से ज्यादा विज्ञापन मिले हैं, जिनमें लोग किडनी, बोन मैरो, लिवर और अन्य अंग बेचने की पेशकश कर रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 4:05 PM IST
Iran Economic Crisis
Iran Economic Crisis (Photo-IANS)

तेहरान। ईरान में गहराते आर्थिक संकट ने आम लोगों की जिंदगी को इस कदर प्रभावित किया है कि लोग कर्ज चुकाने और परिवार का खर्च चलाने के लिए अपने शरीर के अंग तक बेचने को मजबूर हो रहे हैं। यहां किडनी, बोन मैरो, लिवर, अंडकोष और आंखों की पुतलियां (कॉर्निया) बेचने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन दिए जा रहे हैं। कुछ लोग तो परिवार का भविष्य सुरक्षित करने के लिए अपने जरूरी अंग तक देने को तैयार हैं।

ईरान इंटरनेशनल की एक जांच में इस चौंकाने वाली स्थिति का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, आर्थिक तंगी से जूझ रहे कई लोग अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने के लिए अपने सबसे जरूरी अंग तक बेचने के तैयार हैं। यह संकट ऐसे वक्त में और गहरा गया है जब मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी और कड़े प्रतिबंधों ने ईरान की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है।

के मुताबिक, टेलीग्राम के एक चैनल पर मई के अंतिम सप्ताह से अक्टूबर के आखिरी सप्ताह के बीच 600 से अधिक विज्ञापनों की पड़ताल की गई। इनमें करीब हर तीन में से एक विज्ञापन ऐसा था, जिसमें एक से ज्यादा अंग या शारीरिक ऊतक बेचने की पेशकश की गई थी। अल जजीरा के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने चेतावनी दी है कि यह दबाव अनिश्चित काल तक बना रह सकता है। उन्होंने यह भी अनुमान जताया है कि आने वाले महीनों में ईरान की अर्थव्यवस्था और अधिक खराब हो सकती है।

किडनी बेचने के सबसे ज्यादा विज्ञापन

रिपोर्ट के मुताबिक, मई के अंत से अक्टूबर के अंत के बीच एक टेलीग्राम चैनल पर अंग बेचने के 600 से अधिक विज्ञापनों की जांच की गई। इनमें से लगभग हर तीसरे विज्ञापन में एक से अधिक अंग या टिशू बेचने की पेशकश की गई थी। कुल 498 विज्ञापनों में किडनी बेचने की पेशकश की गई थी। वहीं, 279 विज्ञापनों में बोन मैरो, 51 में लिवर, 15 में अंडकोष और दो विज्ञापनों में कॉर्निया बेचने के प्रस्ताव दिया गया। 142 विज्ञापनों में लोगों ने किडनी और बोन मैरो दोनों बेचने की पेशकश की। वहीं, 26 विज्ञापनों में किडनी, बोन मैरो और लिवर तीनों देने की पेशकश की गई। चौंकाने वाली बात यह है कि कई लोगों को मेडिकल प्रक्रियाओं की जानकारी तक नहीं है। एक व्यक्ति ने कहा कि वह इन अंगों को खोने के बाद भी जीवित रह सकता है, जबकि उसे यह पता ही नहीं था कि जिन अंगों की वह पेशकश कर रहा है, ईरान में उनके प्रत्यारोपण की कोई स्थापित व्यवस्था ही नहीं है।

बेटी का भविष्य संवारने के लिए अंग बेचने को तैयार पिता

अंग बेचने की कोशिश कर रहे लोगों की कहानियां दर्दनाक हैं। एक पिता अपनी छोटी बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए अपने जरूरी अंग बेचने तक तैयार है। वहीं, कपड़ों का कारोबार ठप होने के बाद कर्ज और चेक बाउंस के मामलों से घिरे एक पूर्व व्यापारी ने उम्मीद जताई कि अंग बेचकर वह कुछ देनदारियां चुका सकेगा। दो बेटियों की परवरिश कर रही एक अकेली मां ने बताया कि वह घर के बुनियादी खर्च चलाने के लिए खरीदार ढूंढ रही है।

अमेरिकी दबाव और सैन्य तनाव ने बढ़ाई मुश्किलें

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पेरिस में G7 देशों के समकक्षों से कहा है कि ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी, कड़े प्रतिबंध और व्यापारिक पाबंदियां अनिश्चितकाल तक जारी रह सकती हैं। उन्होंने आने वाले महीनों में ईरानी अर्थव्यवस्था के और अधिक गिरने की आशंका जताई है।

तेहरान स्थित अर्थशास्त्री इसाक सईदियन ने चेतावनी दी है कि यदि इस आर्थिक घेराबंदी से ईरान का तेल राजस्व शून्य के करीब पहुंच गया, तो सरकार के सामने वेतन-पेंशन देने, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने और महंगाई रोकने का सबसे बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के प्रशासन ने आर्थिक पतन की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि वे लंबे प्रतिबंधों का सामना करने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर, सैन्य तनाव भी बरकरार है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने बहरीन में अमेरिकी वायु रक्षा रडार पर ड्रोन हमले का दावा किया है, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराकर तेल टैंकरों में आग लगने की खबरें भी सामने आई हैं।

Updated on:
15 Nov 2026, 4:05 PM IST
Published on: