Iran's Foreign Minister China Visit: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची चीन दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की।
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच तनाव की स्थिति बरकरार है, लेकिन इस दौरान पाकिस्तान के ज़रिए बातचीत भी जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इसी वजह से 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' पर भी रोक लगा दी है, जिससे ईरान के साथ जल्द से जल्द शांति समझौता किया जा सके। इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) आज एक दिवसीय दौरे पर चीन (China) पहुंच गए हैं।
चीन दौरे पर राजधानी बीज़िंग में अरघाची की मुलाकात चाइनीज़ विदेश मंत्री वांग यी से भी हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों ने ईरान-अमेरिका में तनाव, होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) समेत कई मुद्दों पर बातचीत की। पिछले कुछ हफ्तों में दोनों के बीच तीन बार फोन पर भी बात हुई है।
अराघची के चीन दौरे से ट्रंप की टेंशन बढ़ सकती है। गौरतलब है कि ट्रंप 14-15 मई को चीन दौरे पर रहेंगे और इस दौरान उनकी मुलाकात चाइनीज़ राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) से भी होगी। ट्रंप के दौरे से पहले ही ईरानी विदेश मंत्री का यह चीन दौरा काफी अहम माना जा रहा है। ईरान और चीन के बीच काफी अच्छे संबंध हैं। होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने के बाद भी ईरान ने कुछ देशों के जहाजों को इस जलमार्ग से गुज़रने की छूट दी थी, जिनमें चीन भी शामिल था। ईरान के तेल के लिए चीन सबसे बड़ा ग्राहक है। वहीँ ईरान सबसे ज़्यादा सामान चीन से ही आयात करता है। ऐसे में दोनों देशों के लिए होर्मुज स्ट्रेट का निर्बाध रूप से बिना किसी हस्तक्षेप के चलना ज़रूरी है और ट्रंप पिछले काफी समय से इस जलमार्ग पर कब्ज़े की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें ऐसा करने में कामयाबी नहीं मिल रही है। इतना ही नहीं, लंबे समय से ईरान के तेल भंडार पर भी ट्रंप की नज़र है लेकिन वह इस पर कब्ज़ा नहीं कर पाए हैं।