विदेश

ईरान ने दी चेतावनी – ‘अमेरिका के किसी भी हमले का जवाब होगा 10 गुना ज़्यादा घातक’

Iran-US Conflict: तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर अमेरिका को चेतावनी दे दी है। क्या है ईरान की चेतावनी? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:54 PM IST
Abolfazl Shekarchi
अबोलफज़ल शेकारची (Photo - @IrnaEnglish)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच तनाव की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। दोनों देश एक-दूसरे की शर्तों पर सहमत नहीं हो रहे हैं, जिसकी वजह से शांति-समझौता नहीं हो पा रहा है। मध्यस्थ पूरी कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द दोनों देशों में सहमति बन जाए। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने धमकी दी थी कि ईरान पर भविष्य में होने वाला कोई भी हमला पिछले हमलों की तुलना में 5 गुना ज़्यादा खतरनाक होगा। ट्रंप की इस धमकी पर ईरान की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है।

अमेरिका के किसी भी हमले का जवाब होगा 10 गुना ज़्यादा घातक

ईरान की सेना वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफज़ल शेकारची (Abolfazl Shekarchi) ने चेतावनी दी है कि अगर ट्रंप का दावा सच है, तो ईरान के खिलाफ अमेरिका के किसी भी हमले का जवाब 10 गुना ज़्यादा घातक होगा। शेकारची ने कहा कि ईरान का जवाब इतना जोरदार होगा कि पूरी दुनिया हैरान रह जाएगी, और इसमें दुश्मन की भौतिक और गैर-भौतिक संपत्तियों को निशाना बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी संपत्तियाँ जहाँ कहीं भी ईरान की पहुंच में होंगी, उन्हें निशाना बनाया जाएगा।

अमेरिकी धमकियों से नहीं डरते ईरानी लोग

शेकारची ने कहा कि ईरानी लोग अमेरिकी धमकियों से नहीं डरते और उनके सेना जून 2025 में इज़रायल (Israel) के खिलाफ शुरू हुए युद्ध से पहले की तुलना में कहीं बेहतर तरीके से तैयार है। उन्होंने बताया कि ईरान में रणनीतिक सैन्य उपकरणों का उत्पादन कभी नहीं रुका और पिछले दो युद्धों के दौरान सामने आई कमियों को दूर कर लिया गया है।

सिर्फ बचाव ही नहीं करेगा, जवाब भी देगा ईरान

एक प्रदर्शनी के दौरान शेकारची ने अमेरिका को चेतावनी दी। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने पिछले 47 वर्षों में यह साबित कर दिया है कि वो कोई आक्रामक देश नहीं है, लेकिन अगर उस पर कोई हमला होता है, तो वो सिर्फ बचाव ही नहीं करेगा, बल्कि एक ताकतवर हमलावर की तरह जवाब देगा। युद्ध पर ईरान का यह रुख हमेशा से साफ है कि ईरान अपनी तरफ से हमला नहीं करेगा, लेकिन दुश्मन के आगे घुटने भी नहीं टेकेगा।