विदेश

ईरान बोला- ‘न युद्ध, न शांति’ की हालत खत्म हो, उधर ट्रंप का दावा- चुनाव के बाद बढ़े हमले

ईरान के संसद अध्यक्ष गालिबाफ ने "न युद्ध, न शांति" की स्थिति खत्म करने के लिए स्पष्ट रुख अपनाने की बात कही। उधर ट्रंप ने मिडटर्म के बाद ईरानी हमले बढ़ने का दावा किया।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 7:14 AM IST
Donald Trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(फोटो-IANS)

ईरान की संसद के अध्यक्ष बाघेर गलिबाफ ने कहा कि देश न युद्ध और न ही शांति की स्थिति में है। इसे खत्म करने के लिए स्पष्ट व व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ जारी तनाव को कम करने के लिए राष्ट्रीय एकता और सैन्य क्षमता को बढ़ाना होगा।

देश को घिसी पिटी राजनीतिक बहस में नहीं उलझना चाहिए: गालिबाफ

गालिबाफ ने इस्लामिक कंसल्टेटिव असेंबली की समन्वय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस स्थिति का समाधान राजनीतिक चर्चाओं या एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप से नहीं निकल सकता है। सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की बात को दोहराते हुए कहा कि देश को घिसी-पिटी और राजनीतिक बहसों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

ईरान ने कहा कि अमेरिका देश को तोड़ना चाहता है, लेकिन देश की एकता के चलते वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएगा।
अमेरिका ने अपनी प्राथमिकता बदलकर ईरान की आंतरिक सुरक्षा को अस्थिर करने, आर्थिक दबाव बनाने और देश को भीतर से ध्वस्त करने की कोशिश की ओर कर ली है।

मिडटर्म इलेक्शन के बाद ईरान ने किए हमले तेज: ट्रंप

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान ने अपने ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। उनके मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में तेहरान ने जितने हमले किए, उतने एक साल से ज्यादा समय में कभी नहीं किए थे।

मेरी भविष्यवाणी सही साबित हुई: ट्रंप

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में चुनाव से पहले की अपनी भविष्यवाणियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा था कि अगर डेमोक्रेटिक पार्टी जीती, तो शेयर बाजार में भारी गिरावट आएगी और ईरान का आक्रामक रवैया बढ़ेगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के सभी ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही रोक लिया गया और इनसे कोई नुकसान नहीं हुआ।

ट्रंप ने आगे लिखा कि जैसा कि सबको याद है, मैंने 3 नवंबर के मिडटर्म चुनाव को लेकर दो बातों की भविष्यवाणी की थी। एक, अगर डेमोक्रेट्स जीते तो शेयर बाजार काफी नीचे जाएगा, जो हुआ है। दूसरी, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान, जिसने आज तक 81,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है। वह अपने हमलों में और आक्रामक होगा, यह भी हुआ है। ईरान ने पिछले एक हफ्ते में जितने ड्रोन और मिसाइल दागे हैं, उतने एक साल से ज्यादा समय में कभी नहीं दागे।

Updated on:
23 Nov 2026, 7:14 AM IST
Published on: