विदेश

मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य को लेकर लेकर क्या है सच्चाई? सामने आया नया वीडियो

Mojtaba Khamenei Health Update: मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरान की मेहर न्यूज ने उनका नया वीडियो जारी किया है। वीडियो में मोजतबा खामेनेई स्वस्थ नजर आ रहे हैं, हालांकि इसे कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। उनकी तबीयत को लेकर किए जा रहे दावों पर पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
2 min read
Aug 09, 2026
Mojtaba Khamenei appears healthy in new video.
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Photo Credit- ANI)

Mojtaba Khamenei Update: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर अमेरिका और इजरायल अक्सर सवाल उठाते रहे हैं। यहां तक कि कई बार उनकी हालत कमजोर होने और मौत होने की भी अफवाह उड़ाई गई, लेकिन ईरान ने हर बार इसे खारिज किया है। इसी बीच, एक बार फिर ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने उनका एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में मोजतबा खामेनेई स्वस्थ नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

दरअसल, यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब इजरायली मीडिया में उनकी तबीयत को लेकर गंभीर दावे किए गए थे। शुक्रवार को कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन रिपोर्टों के बाद ईरान के नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे थे।

मेहर न्यूज ने पहली बार यह वीडियो जारी किया है। इसे मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके ठिकाने को लेकर लगाई जा रही अटकलों का जवाब माना जा रहा है। ईरानी अधिकारियों की ओर से पहले भी उनकी चोटों और स्वास्थ्य को लेकर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं।

लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नहीं नजर आए हैं मोजतबा खामेनेई

पश्चिम एशिया में ईरान पर 28 फरवरी को हुए अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई ने ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। इसके बाद से वे सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। उनकी ओर से ज्यादातर संदेश लिखित बयानों के जरिए ही सामने आए हैं। हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि मोजतबा खामेनेई से सीधे संपर्क करना फिलहाल काफी मुश्किल है। इससे उनकी स्थिति को लेकर अटकलें और बढ़ गई थीं।

इजरायल और डोनाल्ड ट्रंप ने किए थे अलग-अलग दावे

मोजतबा खामेनेई को लेकर इजरायल और अमेरिका द्वारा अलग-अलग दावे किए जाते रहे हैं। हाल ही में सऊदी के एक न्यूज चैनल ने इजरायली सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि मोजतबा खामेनेई ईरान में नहीं हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया है। मोजतबा खामेनेई भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।

Updated on:
09 Aug 2026 07:13 am
Published on:
09 Aug 2026 07:13 am