
Iran US Tensions: ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख अहमद वाहिदी ने अमेरिका और उनसके सहयोगियों को चेतावनी दी है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, अहमद वाहिदी ने IRGC के एक हथियार केंद्र का दौरा किया। इसे ईरान की मीडिया में 'मिसाइल सिटी' के नाम से बताया गया है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सैन्य घटनाक्रम केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में ईरान के दुश्मनों को और अपमान का सामना करना पड़ेगा। IRGC प्रमुख वाहिदी ने कहा कि दुश्मन के साथ जो कुछ हो रहा है, वह केवल शुरुआत है। हम देखेंगे कि दुश्मन को पहले से कहीं ज्यादा अपमानित और शर्मिंदा होना पड़ेगा।
वहीं शनिवार को IRGC ने दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने होर्मुज के ऊपर अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। इस बात की जानकारी देते हुए ईरानी मीडिया ने बताया कि इसके लिए हाल ही में तैनात किए गए नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया।
IRGC का कहना है कि उसकी सेना जलडमरूमध्य के ऊपर हवाई गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ड्रोन का पता लगाकर उसे निशाना बनाया गया। ईरान ने दावा किया कि यह उसका अब तक मार गिराया गया 58वां अमेरिकी MQ-9 ड्रोन है।
बता दें कि MQ-9 रीपर अमेरिका का लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाला सैन्य ड्रोन है। इसका इस्तेमाल खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी, टोही अभियान और सटीक हमले करने के लिए किया जाता है।
वहीं इससे पहले गुरुवार को IRGC के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहिब्बी ने भी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ईरान हर तरह की सैन्य परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने साफ किया कि उनका देश अनिश्चितकाल तक युद्ध और शांति के बीच की स्थिति स्वीकार नहीं करेगा।
मोहिब्बी ने कहा कि हम न युद्ध और न शांति वाली स्थिति को स्वीकार नहीं करते। इस टकराव का फैसला या तो युद्ध के मैदान में होगा या फिर अमेरिका को ईरान की शर्तें माननी होंगी।
इस दौरान उन्होंने ईरान की बढ़ती वायु रक्षा क्षमता का भी जिक्र किया। उनका दावा है कि 12 दिनों तक चले युद्ध के बाद ईरान ने कम से कम तीन नए एयर डिफेंस सिस्टम विकसित किए हैं।