
Iran US War: ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को सीनेट से बड़ी राहत मिली है। सीनेट में राष्ट्रपति के युद्ध संबंधी अधिकार सीमित करने वाला वॉर पावर्स प्रस्ताव 51-48 मतों से गिर गया। यानी प्रस्ताव के पक्ष और विपक्ष में केवल तीन वोटों का अंतर रहा। इससे ट्रंप को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखने के मामले में फिलहाल राजनीतिक राहत मिली है।
प्रस्ताव में ट्रंप प्रशासन से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने या आगे जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी लेने की मांग की गई थी। इससे पहले सितंबर में प्रतिनिधि सभा इसे 220-204 मतों से पारित कर चुकी थी। सीनेट में तीन रिपब्लिकन सांसदों ने प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि एक डेमोक्रेट सांसद ने इसके खिलाफ वोट दिया। डेमोक्रेट्स ने चेतावनी दी है कि 3 जनवरी से नया बहुमत संभालने के बाद वे युद्ध रोकने के लिए फिर प्रस्ताव लाएंगे।
उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमरीका से समुद्री नाकाबंदी हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों और सैन्य दबाव से संघर्ष का समाधान नहीं निकलेगा। इसके लिए बातचीत और कूटनीति जरूरी है। अराघची के मुताबिक, अमरीका की नाकाबंदी खत्म होने और ईरान की शर्तें पूरी होने पर होर्मुज जलडमरूमध्य दो दिन में खोला जा सकता है। तेहरान ने कतर के माध्यम से अपनी शर्तें वाशिंगटन तक पहुंचाई हैं।
इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप पर ईरान के खिलाफ नए सैन्य अभियान में शामिल होने का दबाव बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू चार से सात दिन तक हवाई हमले करने की योजना चाहते हैं। हालांकि ट्रंप ने फिलहाल कोई फैसला नहीं किया है और कहा है कि वह नए साल के बाद इस पर विचार करेंगे।