विदेश

मिडिल-ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने इराक को दी ट्रंप से दूर रहने की चेतावनी, कहा- अमेरिका का हथियार मत बनना

Iran Iraq Tensions: ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार मोहम्मद मुखबर ने इराक को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दूर रहने की चेतावनी दी है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 6:36 PM IST
Senate Republicans reject resolution
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो सोर्स: ANI)

इराक और अमेरिका के बीच बढ़ी नजदीकियों से ईरान की बेचैनी बढ़ गई है। इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार मोहम्मद मुखबर ने इराक को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीब जाने को लेकर आगाह किया है।

उन्होंने बगदाद को साफ शब्दों में कहा है कि वह ट्रंप के हाथों का औजार न बने और इस्लाम के दुश्मनों की नीतियों को लागू करने का जरिया बनने से बचे।

ट्रंप की तारीफ के बाद बढ़ी बेचैनी

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के कामकाज की तारीफ की है। जिसके बाद ही ईरान ने इराक को यह चेतावनी दी है।

ट्रंप ने शुक्रवार को इराक में तेल की तस्करी रोकने, भ्रष्टाचार खत्म करने और सभी हथियारों को सरकार के नियंत्रण में लाने की कोशिशों की सराहना की थी।

ट्रंप की तारीफ के बाद ईरान ने इराक को क्यों चेताया?

ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार और सहायक मोहम्मद मुखबर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ईरान की विदेश नीति का एक बुनियादी सिद्धांत अपने पड़ोसी देशों के साथ साझा भविष्य और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाए रखना है।

मुखबर ने इराक को ईरान की दोस्ती भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि सबसे मुश्किल समय में ईरान पूरी ताकत के साथ इराक की जनता के साथ खड़ा रहा है और उसने अपनी दोस्ती साबित की है।

इसके साथ ही मुखबर ने बगदाद को सीमा से जुड़े मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी। मुखबर ने कहा कि इराक को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे वह दुश्मनों के हाथों का औजार बन जाए। यहां तक कि उन्होंने ट्रंप का नाम लेते हुए उन्हें अपराधी भी बता दिया और कहा कि इराक को उनकी नीतियों को लागू करने का जरिया नहीं बनना चाहिए।

तेल की तस्करी को लेकर बंद किए गए दो बॉर्डर क्रॉसिंग

ईरान की इस चेतावनी के पीछे इराक में तेल की तस्करी को लेकर चल रही कार्रवाई भी अहम है। बुधवार को इराकी सीमा सुरक्षा बलों ने सीरिया और ईरान से लगने वाले दो सीमा रास्तों को बंद कर दिया था।

ये दोनों रास्ते कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के प्रशासन के तहत आते थे। तेल की तस्करी से जुड़े मामले की जांच के बाद इन्हें बंद करने का फैसला लिया गया।

Updated on:
28 Nov 2026, 6:36 PM IST
Published on: