विदेश

ईरानी एनर्जी सेक्टर पर अमेरिका-इज़रायल के हमलों के बाद सर्दियों में हो सकती है परेशानी, ईरान ने चेताया

Iran-US Conflict: युद्ध के दौरान अमेरिका और इज़रायल ने ईरानी गैस सुविधाओं पर कई हमले किए, जिसकी वजह से ईरान को सर्दियों में परेशानी हो सकती है!
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Attack on Iran energy sector
ईरानी एनर्जी सेक्टर पर हमला (Photo - Washington Post)

अमेरिका (United States of America) और इज़रायल (Israel) के खिलाफ युद्ध के दौरान ईरान (Iran) ने डटकर सामना किया और दुश्मनों के हमलों का जवाब भी दिया! हालांकि इस दौरान ईरान ने कई हमले झेले! अमेरिका और इज़रायल ने ईरान के एनर्जी सेक्टर को भी निशाना बनाया और गैस सुविधाओं पर कई हमले किए! इस वजह से ईरान को सर्दियों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है!

ईरानी सरकार की प्रवक्ता ने चेताया

ईरान की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार ईरानी सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी (Fatemeh Mohajerani) का कहना है कि अमेरिका और इज़रायल द्वारा उनके देश के एनर्जी सेक्टर पर किए गए हमलों के कारण लगभग 230 मिलियन क्यूबिक मीटर की प्रोडक्शन क्षमता का नुकसान हुआ है। इस वजह से सर्दियों में ईरान को परेशानी हो सकती है। मोहाजेरानी ने कहा कि उस खोई हुई क्षमता में से लगभग 100 मिलियन क्यूबिक मीटर को बहाल करने की कोशिशें चल रही हैं।

पिछले कुछ वर्षों के पैटर्न के आधार पर हो सकती है परेशानी

मोहाजेरानी ने कहा कि अमेरिका-इज़रायल के हमले ईरान में एनर्जी सप्लाई असंतुलन के अलावा हुए, जिसका सामना सरकार को सत्ता संभालने के बाद से ही करना पड़ रहा था। हालांकि जनता के सहयोग से सरकार कई सर्दियों और गर्मियों में इससे निपटने में कामयाब रही थी। मोहाजेरानी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों के पैटर्न के आधार पर देश के उत्तरी प्रांतों में सर्दियों के दौरान लोगों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में गृह मंत्रालय ने इन प्रांतों के गवर्नरों को इस विषय में चेताया है और लोगों के रोज़मर्रा के जीवन की सुरक्षा के लिए उपाय करने शुरू कर दिए हैं।

सरकार करेगी पूरी कोशिश

मोहाजेरानी ने आगे कहा कि ईरानी सरकार सुप्रीम एनर्जी काउंसिल के ज़रिए एनर्जी इंडस्ट्री को चालू रखने की पूरी कोशिश करेगी और साथ ही यह भी सुनिश्चित करेगी कि लोगों को कोई परेशानी न हो। मोहाजेरानी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि देश कम से कम ब्लैकआउट और कम से कम समस्याओं के साथ सर्दियाँ गुज़ार लेगा।

अगर ईरान तेल नहीं बेच पाया तो…

इसी बीच ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ (Mohammad Bagher Ghalibaf) ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान तेल नहीं बेच पाया, तो इस क्षेत्र (मिडिल ईस्ट) का कोई भी देश तेल नहीं बेच पाएगा।