विदेश

अमेरिकी नाकेबंदी को जारी रहने नहीं देगा ईरान, आईआरजीसी की दो-टूक

Iran-US Conflict: ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकेबंदी पर आईआरजीसी के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने बड़ा बयान दिया है। क्या कहा मोहेब्बी ने? आइए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 9:46 PM IST
Hossein Mohebbi
हुसैन मोहेब्बी (Photo - Video Screenshot from @CocoPostel)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) द्वारा एक-दूसरे के ठिकानों पर हालिया हमलों के बाद दोनों देशों में तनाव और बढ़ गया है। जंग बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन दोनों ही देश लंबे युद्ध के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि दोनों ही देश युद्ध को बढ़ाना भी नहीं चाहते, लेकिन एक-दूसरे के शर्तों पर सहमति नहीं बन पाने की वजह से समाधान नहीं निकल पा रहा है। इसी बीच अब आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी (Hossein Mohebbi) ने बड़ा बयान दिया है।

अमेरिकी नाकेबंदी को जारी रहने नहीं देगा ईरान

तेहरान में बसिज छात्रों से बात करते हुए मोहेब्बी ने दो-टूक कह दिया कि ईरान, अमेरिकी नाकेबंदी को जारी रहने नहीं देगा। मोहेब्बी ने कहा, "हम अपने देश पर लगाई गई समुद्री, ज़मीनी और हवाई नाकेबंदी को जारी नहीं रहने देंगे। हम मौजूदा हालात यानी न तो युद्ध और न ही शांति की स्थिति, या फिर लंबे समय तक चलने वाले थकाऊ संघर्ष को भी स्वीकार नहीं करेंगे। होर्मुज़ स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के मुद्दे को सुलझाए बिना ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर कोई बात नहीं करेगा।"

अमेरिकी ग्राउंड ऑपरेशन के लिए ईरान तैयार

मोहेब्बी ने संभावित अमेरिकी ग्राउंड ऑपरेशन पर बात करते हुए कहा कि ईरान इसके लिए तैयार है। आईआरजीसी प्रवक्ता ने कहा कि उनकी ज़मीनी युद्ध में लड़ने की क्षमता, हवाई या समुद्री युद्ध की तुलना में कहीं ज़्यादा है। मोहेब्बी ने कहा, "हम असल में अमेरिका द्वारा ग्राउंड ऑपरेशन शुरू करने का इंतज़ार कर रहे हैं, ताकि वो अपनी क्षमताओं को परख सकें और देख सकें कि आगे क्या होता है। अमेरिकी सेना में हेलीकॉप्टर के ज़रिए अभियान चलाने की क्षमता नहीं है, क्योंकि ईरानी सेना उनके हेलीकॉप्टरों को मार गिराएगी।"

ईरानी बांधों पर हमला न करने की दी चेतावनी

कुछ दिन पहले ही अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट सामने आई थी कि ईरानी बांधों का ईरानी मिसाइल ठिकानों से जुड़ाव है, जिसे ईरान ने नकार दिया था और अपने खिलाफ अमेरिकी सरकार द्वारा मीडिया के ज़रिए झूठी बातें फैलाने का आरोप लगाया था। अब मोहेब्बी ने चेताया है कि अगर ईरानी बांधों पर हमला किया गया, तो अमेरिका को इसका करारा जवाब दिया जाएगा।