विदेश

इजरायल में खत्म होगा सियासी गतिरोध? गादी आइजनकोट ने नेतन्याहू की पार्टी को भेजा गठबंधन वार्ता का न्योता

इजरायल में नई सरकार बनाने की कोशिशों के बीच गादी आइजनकोट ने बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को गठबंधन वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि, नेतन्याहू के नेतृत्व, अरब पार्टियों की भूमिका और गठबंधन की शर्तों को लेकर राजनीतिक मतभेद बने हुए हैं।
3 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 8:02 AM IST
Israel Government Formation
गादी आइजनकोट और बेंजामिन नेतन्याहू (फ़ोटो-X@AJEnglish)

Israel Government Formation: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। पूर्व सैन्य प्रमुख और यशार पार्टी के नेता गादी आइजनकोट ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को गठबंधन पर बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। यशार पार्टी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत रविवार 22 नवंबर से शुरू होगी। आइजनकोट का लक्ष्य पिछले महीने हुए चुनाव के बाद बने राजनीतिक गतिरोध को खत्म कर गठबंधन सरकार बनाना है।

शनिवार को जारी एक बयान में यशार पार्टी ने बताया कि आइजनकोट ने अपनी वार्ता टीम को लिकुड के प्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठकें शुरू करने का निर्देश दिया है। पार्टी ने इसे नई सरकार बनाने के लिए हर संभव विकल्प तलाशने की एक कोशिश बताया है।

सरकार गठन के लिए आइजनकोट को मिला समय

27 अक्टूबर को हुए चुनावों में किसी भी राजनीतिक गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इसके बाद, राष्ट्रपति ने गादी आइजनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्हें 8 नवंबर से शुरू होने वाली 28 दिनों की समय-सीमा दी गई है, जिसे जरूरत पड़ने पर 14 दिनों के लिए और बढ़ाया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आइजनकोट को 67 सांसदों का समर्थन हासिल होने की सिफारिश मिली थी। इनमें उनके गठबंधन के 48 और अरब पार्टियों के 19 सांसद शामिल थे। हालांकि, अरब पार्टियों के समर्थन को लेकर अभी तक औपचारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

गठबंधन के लिए लिकुड की शर्तें

यशार पार्टी से बातचीत के निमंत्रण के बाद लिकुड ने राष्ट्रीय एकता सरकार में शामिल होने के लिए अपनी शर्तें रखीं। पार्टी ने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दलों को एक-दूसरे पर व्यक्तिगत हमले और उकसावे वाली बयानबाजी बंद करनी होगी। इसके अलावा, नेतन्याहू और उनकी सरकार के खिलाफ चल रहे राजनीतिक बहिष्कार को भी खत्म करना होगा।

लिकुड ने प्रस्ताव दिया है कि गठबंधन के सभी दल एक संयुक्त घोषणापत्र जारी करें, जिसमें इस सिद्धांत को माना जाए कि इजराइल यहूदी लोगों का राष्ट्र है। पार्टी ने यह भी कहा है कि अरब दलों को इस प्रस्तावित सरकार का हिस्सा नहीं होना चाहिए।

लिकुड की अन्य शर्तों में फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना का विरोध, सीरिया, लेबनान और गाजा में इजराइल के सिक्योरिटी ज़ोन को बनाए रखना और अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स समुदाय के नेताओं के साथ सैन्य भर्ती के मुद्दे पर व्यापक सहमति बनाना शामिल है।

अरब पार्टियों के समर्थन पर भी नजर

आइसनकोट के सामने एक बड़ी चुनौती अरब पार्टियों के समर्थन को लेकर है। अरब दलों के दो मुख्य गुटों की राय अलग-अलग है। इजराइली मीडिया आउटलेट हारारेत्ज की रिपोर्ट के मुताबिक, मंसूर अब्बास के नेतृत्व वाली Ra'am पार्टी के 8 सांसद गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल हुए बिना, यशार के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देने के लिए तैयार हो सकती है। वहीं, 11 सांसदों वाली जॉइंट लिस्ट एक औपचारिक गठबंधन चाहती है, हालांकि अब तक उसने यशार का समर्थन किया है।

आइसनकोट ने अरब पार्टियों के साथ सीधे गठबंधन को लेकर कोई स्पष्ट वादा नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर बाहरी समर्थन के साथ अल्पमत सरकार को संसद में मंजूरी के लिए पेश किया जा सकता है।

आइजनकोट बोले- बातचीत को लंबा नहीं खींचूंगा

आइसनकोट ने कहा है कि वह सरकार बनाने की प्रक्रिया को अनिश्चित काल तक नहीं चलने देंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि सही समय आने पर वह संसद के सामने नई सरकार बनाने का प्रस्ताव रखेंगे। उन्होंने कहा कि इजराइल बेहद नाजुक स्थिति में है और निवर्तमान प्रधानमंत्री सैन्य प्राथमिकताओं को राजनीतिक हितों के साथ मिला रहे हैं। आइसनकोट के अनुसार, संसद के हर सदस्य को यह तय करना होगा कि वे नई सरकार को सत्ता में आने देना चाहते हैं या देश को एक और चुनाव की ओर ले जाना चाहते हैं।

Updated on:
22 Nov 2026, 8:02 AM IST
Published on: