विदेश

इज़रायल-हमास युद्ध को 3 साल पूरे, गाज़ा पर हमले में मारे गए 4 फिलिस्तीनी

Israel-Hamas War: इज़रायल-हमास युद्ध को आज 3 साल पूरे हो गए हैं। आज एक बार फिर इज़रायली सेना ने गाज़ा पर हमला किया, जिसमें 4 फिलिस्तीनी मारे गए।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Israel strike on Gaza
गाज़ा पर इज़रायली हमले का प्रभाव (Photo - ANI)

इज़रायल-हमास युद्ध (Israel-Hamas War) को आज 3 साल पूरे हो गए हैं। 2023 में आज ही के दिन 7 अक्टूबर को फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास ने इज़रायल पर करीब 5,000 रॉकेट्स दागते हुए और म्यूज़िक फेस्टिवल में कत्लेआम मचाते हुए जंग की शुरुआत की थी, जिसके बाद इज़रायल ने भी गाज़ा और आसपास के फिलिस्तीनी इलाकों में सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी, जो अभी भी जारी है। इज़रायली सेना ने तबाही मचाई हुई है। बड़ी संख्या में हमास नेता और आतंकी मारे गए, लेकिन उससे भी ज़्यादा निर्दोषों ने अपनी जान गंवाई। इसके अलावा गाज़ा का ज़्यादातर इंफ्रास्ट्रक्चर भी तबाह हो गया है। जब तक हमास सरेंडर न कर दे या उसका पूरी तरह से खात्मा न हो जाए, तब तक इज़रायली सेना की कार्रवाई जारी रहेगी। आज इस युद्ध की तीसरी बरसी पर इज़रायली सेना ने एक बार फिर गाज़ा पर हमला किया।

मारे गए 4 फिलिस्तीनी

इज़रायली सेना ने आज फिर गाज़ा पर हमला किया। गाज़ा के खान यूनिस में एक रिफ्यूजी कैंप पर इज़रायली सेना ने एयरस्ट्राइक की। इसके साथ ही गाज़ा में अलग-अलग जगहों पर इज़रायली सेना ने गोलीबारी और एयरस्ट्राइक की। इज़रायली हमले में 4 फिलिस्तीनी मारे गए।

नाबलुस में इज़रायली सेना की छापेमारी

इज़रायली सेना ने आज वेस्ट बैंक के नाबलुस शहर में भी कई जगहों पर छापेमारी की। इतना ही नहीं, वहाँ कर्फ्यू लगा दिया है, एक पत्रकार समेत करीब 9 लोगों को गिरफ्तार किया और इज़रायली हमलों में मारे गए फ़िलिस्तीनियों की याद में बने स्मारकों को भी तोड़ दिया। इसके अलावा नाबलुस के सहल रामिन और बुर्का के मैदानी इलाकों में जैतून तोड़ने वाले फिलिस्तीनियों पर इज़राइली सेना और सेटलर्स के हमले में एक फिलिस्तीनी की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार इज़रायली सैनिकों के साथ आए सेटलर्स के एक बड़े ग्रुप ने जैतून तोड़ रहे फिलिस्तीनियों पर गोलीबारी की। मारे गए फिलिस्तीनी की पहचान 44 वर्षीय अली हसन योसर अल-बज़ारी के तौर पर हुई है। फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी (PRCS) ने बताया कि गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों की पिटाई की गई। घायलों का इलाज किया गया।

Updated on:
07 Oct 2026 05:10 pm
Published on:
07 Oct 2026 04:46 pm