
Israel-Hezbollah Clash: दक्षिणी लेबनान में रविवार सुबह से जारी इजरायली हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। आधिकारिक नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि नबातियेह अल-फौका में हुए इजरायली हमले में दो लोगों की मौत हुई और दो अन्य घायल हो गए। वहीं, नबातियेह में आठ लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा अरब सलीम में दो लोगों की मौत हुई और छह लोग घायल हुए। कफ्र रुम्मान में भी चार लोगों के घायल होने की खबर है।
इससे पहले इजरायली सेना (IDF) ने कहा था कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया है। IDF के अनुसार, यह कार्रवाई दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले के जवाब में की गई। इन हमलों के बाद दक्षिणी लेबनान में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है।
दक्षिणी लेबनान में हुए इजरायली हवाई हमले में घांडूर अस्पताल पूरी तरह तबाह हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला नबातियेह अल-फौका इलाके में हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, हमले के समय अस्पताल के अंदर कोई मरीज या कर्मचारी मौजूद नहीं था। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के कथित ड्रोन हमले के जवाब में कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी।
इससे पहले इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के अरब सलीम इलाके के लोगों को तुरंत क्षेत्र खाली करने का आदेश दिया था। इजरायली सेना की प्रवक्ता एला वाविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने इसके साथ एक नक्शा भी साझा किया था।
नक्शे में एक इमारत को लाल रंग से दिखाया गया था। इजरायली सेना ने दावा किया था कि यह इमारत हिजबुल्लाह से जुड़ी हुई है। सेना के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने इजरायली सैनिकों की ओर ड्रोन भेजे थे। इसी के जवाब में यह कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने लेबनान के करीब 5 प्रतिशत क्षेत्र पर कब्जा कर रखा है। यह इलाका लेबनान और इजरायल के बीच संयुक्त राष्ट्र की ओर से तय ब्लू लाइन से करीब 10 किलोमीटर तक फैला हुआ है।