ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने संबंधी संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के मुताबिक ईरान आठ वर्षों तक परमाणु हथियार को ले जाने वाले मिसाइल का परीक्षण नहीं कर सकता।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आज ईरान की ओर से फिर बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अगले माह वाशिंगटन दौरे के दौरान वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के खिलाफ प्रतिबंध कड़े करने पर विचार करने के लिए कहेंगे ।
व्हाइट हाऊस की ओर से नेतन्याहु के अमेरिका दौरे की घोषणा होने के तुरंत बाद ही उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ईरान ने फिर बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है। यह साफ तौर पर सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन है। अमेरिकी अधिकारियों ने भी आज इस बात की पुष्टि की थी कि ईरान ने मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है जिसने लगभग 1000 किलोमीटर की दूरी तय की है।
नेतन्याहू ने कहा कि मेरी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ होने वाली मुलाकात के दौरान मैं ईरान पर प्रतिबंध के बारे में पुनर्विचार करने का आग्रह करूंगा। ईरान की आक्रमकता का जवाब बिना प्रतिक्रिया दिये ही नहीं दिया जा सकता है।
गौरतलब है कि ओबामा प्रशासन ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण को परमाणु समझौते का उल्लंघन नहीं माना था जबकि अमरीका नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि वह तेहरान के मिसाइल कार्यक्रम पर रोक लगाएंगे।
आपको बता दें कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने संबंधी संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के मुताबिक ईरान आठ वर्षों तक परमाणु हथियार को ले जाने वाले मिसाइल का परीक्षण नहीं कर सकता। वहीं ईरान ने कहा है कि यह परीक्षण परमाणु हथियारों को ले जाने वाली मिसाइल का नहीं है।