विदेश

जापान में 5.9 तीव्रता का आया भूकंप: राजधानी टोक्यो में मची अफरातफरी, 23 लोग हुए घायल

Japan Earthquake 5.9 Magnitude: जापान में 5.9 तीव्रता के भूकंप से टोक्यो समेत पूर्वी इलाकों में झटके महसूस किए गए। 23 लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई।
2 min read
Aug 23, 2026
Japan earthquake
जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। (Photo Credit- X/@airnewsalerts)

Japan earthquake: जापान में रविवार तड़के भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। राजधानी टोक्यो समेत पूर्वी जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें 23 लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि अधिकांश लोगों को मामूली चोटें आई हैं। भूकंप के चलते परिवहन और विद्युत आपूर्ति में बाधा आई। हालांकि, भूकंप के कारण सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई।

जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप दक्षिणी इबारकी में 70 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिसकी तीव्रता 5.9 आंकी गई। यह इलाका भूकंप से अक्सर प्रभावित रहता है। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने जानकारी दी कि उनकी सरकार ने संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए एक कार्यदल का गठन किया है।

अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के झटके से नीद से जगने और घबराकर बिस्तर से उठने की वजह से अधिकतर लोग गिर गए या दरवाजों से टकरा गए। घायल हुए। योमियूरी अखबार ने बताया कि कानागावा प्रांत के योकोहामा में 80 वर्षीय एक महिला अपने बिस्तर से गिर गई और उसकी कूल्हे में गंभीर चोट आई।

रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप आने के बाद मोबाइल पर अलर्ट जारी हुआ, जिसका असर टोक्यो और आसपास के इलाकों पर ज्यादा देखा गया।

ट्रेन सेवाओं पर पड़ा असर

एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में 5.9 तीव्रता के आए इस भूकंप का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा। ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के मुताबिक, टोक्यो और नारिता हवाई अड्डे के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें, साथ ही उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में चलने वाली अन्य लोकल ट्रेनें भी विलंबित हुईं। हालांकि, शिंकांसेन बुलेट ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही थीं। न्यूक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी ने बताया कि करीब एक दर्जन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और परमाणु सामग्री से जुड़ी सुविधाओं में किसी तरह की असामान्य स्थिति की कोई सूचना नहीं है।

कुमामोटो क्षेत्र में आया था 7.1 तीव्रता का भूकंप

आपको बता दें कि पिछले महीने जापान के सबसे दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप में 38 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 364 लोग घायल हुए थे। भूकंप के कारण 1,500 से अधिक इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई थीं और करीब 20,000 अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा था।

Updated on:
23 Aug 2026 09:13 am
Published on:
23 Aug 2026 08:54 am