
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर (फाइल फोटो)
Nijjar Murder Case: कनाडा में मारे गए खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग में शामिल गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस लीक ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने दावा किया है कि निज्जर को किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी ही टीम के शूटरों ने ठिकाने लगाया था।
खालिस्तानी समर्थक परमजीत सिंह पम्मा के साथ हुई इस बातचीत में गोल्डी बराड़ ने साफ- साफ माना कि निज्जर को खत्म करने का फैसला पूरी तरह से उसका अपना था। हालांकि, इस कथित ऑडियो की सत्यता की पुष्टि किसी भी आधिकारिक या स्वतंत्र जांच एजेंसी ने अभी तक नहीं की है, इसलिए इस दावे को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने इस लीक ऑडियो में निज्जर की हत्या के पीछे की वजह का भी जिक्र किया है। उसने आरोप लगाया कि कुछ लोग 16 से 17 साल के कम उम्र के युवाओं और नाबालिगों को बहला-फुसलाकर नशे के काले कारोबार में धकेल रहे थे। बराड़ के मुताबिक, हरदीप सिंह निज्जर ऐसे ही आपराधिक और नशा बेचने वाले तत्वों को खुला समर्थन और सुरक्षा दे रहा था ताकि वक्त आने पर अपनी सनक और निजी फायदों के लिए उनका इस्तेमाल कर सके। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले इस गिरोह और नेटवर्क को निज्जर द्वारा मिल रही शह के कारण ही उसकी टीम ने निज्जर पर हमला करने और उसे खत्म करने का प्लान तैयार किया।
हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सर्रे शहर के एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बिना किसी ठोस सबूत के भारत सरकार के एजेंटों पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसे भारत ने पूरी तरह से खारिज कर दिया था। हाल ही में कनाडा की पुलिस (RCMP) ने भी माना कि इस मामले में भारतीय अधिकारियों के शामिल होने का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है।
गोल्डी बराड़ भारत में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड समेत कई बड़े गंभीर अपराधों में वॉन्टेड है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खास साथी माना जाता है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी उस पर 50,000 डॉलर (करीब 41 लाख रुपये) का इनाम रखा हुआ है।
Updated on:
23 Aug 2026 09:15 am
Published on:
23 Aug 2026 09:09 am
