Earthquake in Japan: जापान में एक ही दिन में भूकंप के 155 झटकों से हाहाकार मच गया। हालांकि पहला भूकंप सबसे खतरनाक और नुकसानदायक रहा। इस वजह से जापान में जान और माल दोनों का ही नुकसान हुआ।
जापान (Japan) में नए साल की शुरुआत भूकंप के झटकों के साथ हुई। पहला भूकंप 7.6 तीव्रता का रहा। पहले आई रिपोर्ट में इसे 7.4 तीव्रता का बताया गया था और बाद में 7.5 तीव्रता का। बाद में इसके 7.6 तीव्रता के होने की पुष्टि हुई। यह भूकंप जापान में इशिकावा (Ishikawa) के अनामिज़ु (Anamizu) से 42 किलोमीटर नॉर्थईस्ट में आया था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर रही। इसके बाद जापान में भूकंप का सिलसिला शुरू हो गया और एक ही दिन में जापान में 155 भूकंप आए। यह एक रिकॉर्ड है। साथ ही सुनामी का खतरा भी बढ़ गया है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक सुनामी आने पर 5 मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं। सोमवार को भी कुछ तटों पर तेज़ और शक्तिशाली लहरें देखने को मिली। ऐसे में सरकार ने भूकंप प्रभावित क्षेत्रों और सुनामी के खतरे के ज़ोन में आने वाले क्षेत्रों के लोगों को घर खाली करके सुरक्षित जगहों पर जाने के निर्देश दिए जिसका असर भी हुआ।
97 हज़ार लोगों ने अपने घर किए खाली
भूकंप के असर के बाद सुनामी के खतरे को देखते हुए खतरे वाले क्षेत्रों में 97 हज़ार लोगों ने अपने घर खाली कर दिए। घर खाली करने के बाद लोगों ने सुरक्षित स्थानों में शरण ली।
जान के साथ माल का भी नुकसान
जापान में भूकंप की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही कई लोग घायल भी हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही कई घर, इमारतों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थिति है गंभीर
जापान में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। भूकंप के बाद कई हज़ार घरों की बिजली गुल हो गई है और सुनामी का खतरा अभी भी बरकरार है। ऐसे में सभी लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- Japan Earthquake: एक ही दिन में भूकंप के 155 झटकों से कांपा जापान, 13 की मौत, सुनामी का खतरा अभी भी बरकरार