10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बढ़ती गर्मी से जूझ रहा न्यूयॉर्क, फिर भी मेयर जोहरान ममदानी ने की बिजली बचाने की अपील; जानिए क्यों

New York Electricity: न्यूयॉर्क में भीषण गर्मी के बीच मेयर जोहरान ममदानी ने लोगों से बिजली बचाने की अपील की है। जानिए उन्होंने एसी, बिजली ग्रिड और कूलिंग सेंटर को लेकर क्या सलाह दी और इसकी वजह क्या है।
2 min read
Google source verification
New York Mayor Zohran Mamdani on Heatwave.

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी (Image: X/@ZohranKMamdani)

New York Heatwave: यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। फ्रांस, ब्रिटेन, स्पेन समेत कई देशों में तापमान के पुराने रिकॉर्ड टूट रहे हैं। इसी बीच न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की एक अपील ने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। दरअसल, न्यूयॉर्क भी भीषण गर्मी से जूझ रहा है, जिसके चलते शहर में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद मेयर ममदानी ने लोगों से बिजली बचाने की अपील की है, जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर किए गए एक पोस्ट में ममदानी ने लिखा, 'न्यूयॉर्क, बाहर बहुत गर्मी है। बिजली ग्रिड हमें ठंडा रखने के लिए पूरी क्षमता से काम कर रहा है। अपने एसी का तापमान 78 डिग्री फारेनहाइट पर रखें। जिन लाइटों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें बंद कर दें। जहां संभव हो, उनके प्लग भी निकाल दें। हमारी शहर सरकार भी अपनी ओर से यही कर रही है। सरकारी भवनों में तापमान 78 डिग्री फारेनहाइट पर बनाए रखा जा रहा है। बिजली की अधिक मांग वाले समय में लाइटें बंद या मंद की जा रही हैं। निजी संस्थानों से भी ऐसा करने का अनुरोध किया जा रहा है और गैर-जरूरी उपकरणों को बंद किया जा रहा है। एक स्थिर बिजली ग्रिड का मतलब है कि एसी चलते रहेंगे और लोगों की जान बचाई जा सकेगी। आइए, मिलकर बिजली की मांग कम करें और इस भीषण गर्मी का सामना करें।'

क्यों की गई अपील?

दरअसल, न्यूयॉर्क शहर में भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। इससे बिजली ग्रिड पर दबाव बढ़ गया है। इसी दबाव को कम करने के लिए लोगों से अनावश्यक बिजली उपकरण बंद रखने और बिजली की खपत कम करने की अपील की गई है। साथ ही लोगों को एयर कंडीशनिंग वाले स्थानों पर रहने की सलाह भी दी गई है। मेयर जोहरान ममदानी ने कहा, 'एक स्थिर बिजली ग्रिड का मतलब है कि एसी चलते रहेंगे और लोगों की जान बचाई जा सकेगी। आइए, मिलकर बिजली की मांग कम करें और इस भीषण गर्मी का सामना करें।'

उन्होंने यह भी बताया कि शहर प्रशासन सरकारी इमारतों में 78 डिग्री फारेनहाइट का तापमान बनाए रखने, बिजली की अधिक मांग वाले समय में खपत कम करने और गैर-जरूरी उपकरणों को बंद रखने जैसे कदम उठा रहा है। इसके अलावा उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, हृदय या श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों और पालतू जानवरों को अधिकतर समय एयर कंडीशनिंग वाले स्थानों पर रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के पास एसी की सुविधा नहीं है, उन्हें शहर के कूलिंग सेंटर का उपयोग करना चाहिए।