Japan: जापान के फुकुशिमा शहर ने एक नियम पारित किया है, जिससे अब जहां-तहां कचरा फैलाने वालों पर नकेल कसी जा सकेगी।
Japan: जापान को दुनिया के सबसे साफ देशों में से एक माना जाता है और यहां कचरा फैलाने के खिलाफ सख्त कानून भी है। अब फुकुशिमा (Fukushima) शहर के नगर निगम ने नए नियम पारित किए हैं, जिसके तहत तय कचरे के प्रकार को उसके निर्धारित स्थान पर नहीं फेंकने पर कचरे के बैग से उस व्यक्ति की पहचान की जाएगी और उनके नाम और व्यवसाय सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। हाल में फुकुशिमा में ही लगभग 9,000 बार कचरा नियमों का उल्लंघन हुआ है, जिससे अधिकारियों को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
वित्त वर्ष 2022 में शहर में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 1.08 किलोग्राम कचरा निकलता था, जो राष्ट्रीय औसत 880 ग्राम से अधिक है। फुकुशिमा के मेयर हिरोशी कोहता का कहना है, हम स्थिति उलटना चाहते हैं। अलग अलग कचरे के अपने निश्चित स्थान पर फेंके जाने को बढ़ावा देना चाहते है। वर्तमान में जापान के 62 प्रमुख शहरों में से आधे से ज्यादा शहरों में लोगों के कचरे के थैलों की जांच की जाती है। फुकुशिमा ऐसा पहला शहर होगा जो नियम न मानने वाले लोगों की पहचान सार्वजनिक करेगा।
अधिकारियों ने निर्धारित कचरा निर्धारित स्थान पर न डालने वालों को पहचानने के लिए एक चरणबद्ध प्रक्रिया बनाई है। इसमें वर्तमान में जहां कचरा एकत्रित करने वाले ऐसा करने वालों के कचरे के थैलों पर एक पीला स्टिकर चिपकाते हैं, वहां नीतियों में संशोधन के बाद, इनके थैलों पर लाल चेतावनी स्टिकर लगाए जाएंगे। एक हफ्ते तक सुधार नहीं होने पर नियम तोड़ने वालों को मौखिक और लिखित चेतावनी दी जाएगी। फिर भी नहीं माने तो उनके नाम नगरपालिका की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिए जाएंगे।