विदेश

एपस्टीन के रूस कनेक्शन पर बड़ा खुलासा: मॉडलिंग के बहाने युवतियों को फंसाया, अरबपतियों से बढ़ाई नजदीकियां

अमेरिका के यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन का रूस के प्रति खासा आकर्षण था। वह रूस और सोवियत संघ के विघटन के बाद बने अन्य देशों की युवतियों को अपने यौन ट्रैफिकिंग नेटवर्क में शामिल करने के साथ ही वहां के अरबपतियों और वरिष्ठ अधिकारियों से भी अपने संपर्क बढ़ाए। रॉयटर्स की एक पड़ताल में यह खुलासा हुआ है।
3 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 11:35 AM IST
Jeffrey Epstein
Jeffrey Epstein (File photo: IANS/Xinhua)

नई दिल्ली। अमेरिका के यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन का रूस के प्रति खासा आकर्षण था। वह रूस और सोवियत संघ के विघटन के बाद बने अन्य देशों की युवतियों को अपने सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क में शामिल करने के साथ ही वहां के अरबपतियों और वरिष्ठ अधिकारियों से भी अपने संपर्क बढ़ाए। वर्ष 2008 में नाबालिग से जुड़े यौन अपराध में दोषी ठहराए जाने के बाद एपस्टीन की कोशिश दुनिया के प्रभावशाली और अमीर लोगों के बीच दोबारा अपनी साख बनाने की थी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक पड़ताल में यह खुलासा हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एपस्टीन ने रूस और पूर्व सोवियत संघ के देशों की कम से कम 17 युवतियां को सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क में लाया था। रॉयटर्स ने इस मामले से जुड़े दो दर्जन से अधिक लोगों से बातचीत और सैकड़ों पन्नों के दस्तावेजों की समीक्षा के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है। इनमें से तीन युवतियों ने बाद में एपस्टीन के यौन शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ न्याय की लड़ाई भी लड़ी।

मॉडलिंग इंडस्ट्री के जरिए रूस तक पहुंचा एपस्टीन

रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन की रूस में दिलचस्पी मॉडलिंग इंडस्ट्री से शुरू हुई थी। वर्ष 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद मॉडलिंग एजेंट और स्काउट पूर्व सोवियत देशों में नई प्रतिभाओं की तलाश करने लगे थे। इसी दौरान फ्रांसीसी मॉडलिंग एजेंट जीन-ल्यूक ब्रुनेल ने पूर्वी यूरोप की युवतियों को भर्ती करना शुरू किया। ब्रुनेल एपस्टीन के संपर्क में था और युवतियों को पेरिस तथा अमेरिका ले जाता था।

पूर्व मॉडल थिसिया हुइसमैन ने रॉयटर्स को बताया कि सितंबर 1991 में पेरिस में ब्रुनेल की ओर से आयोजित एक पार्टी में उसकी मुलाकात एपस्टीन से हुई थी। उन्होंने बताया कि वहां एक रूसी लड़की, जिसकी उम्र शुरुआती किशोरावस्था में लग रही थी। वह पार्टी के अधिकांश समय एपस्टीन की गोद में बैठी रही।

हुइसमैन के मुताबिक, उस लड़की ने मॉडलिंग के काम को अच्छा नहीं बताया था, लेकिन कहा था कि 'जेफरी मेरा ख्याल रखता है।' उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को अजीब और डरावना बताया। हालांकि, रॉयटर्स इस पार्टी के आयोजन और उस लड़की की पहचान तथा उम्र की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

1998 और 2002 में रूस गया था एपस्टीन

रिपोर्ट में मुताबिक, एपस्टीन ने 1998 और 2002 में रूस की दो यात्राएं की। पहली यात्रा के दौरान वह सरोव गया था, जो सोवियत संघ के परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़ा एक प्रतिबंधित शहर था। इसके बाद 2002 में वह मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग गया। उड़ान रिकॉर्ड और यात्रा से जुड़े लोगों के अनुसार, इस दौरान उसके साथ जीन-ल्यूक ब्रुनेल और घिसलेन मैक्सवेल भी थे।

रूसी अरबपतियों और अधिकारियों से बढ़ाए संपर्क

वर्ष 2008 में फ्लोरिडा में वेश्यावृत्ति से जुड़े आरोपों, जिनमें एक नाबालिग लड़की को यौन गतिविधियों के लिए बुलाना भी शामिल था, में दोषी ठहराए जाने और 13 महीने जेल में बिताने के बाद एपस्टीन ने रूस के प्रभावशाली लोगों से नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश तेज कर दी थी। उनके संपर्कों में रूसी रियल-एस्टेट टाइकून व्लादिस्लाव डोरोनिन और अर्थव्यवस्था के पूर्व उप-मंत्री सर्गेई बेल्याकोव शामिल थे। रॉयटर्स द्वारा देखे गए ईमेल से पता चलता है कि एपस्टीन ने बेल्याकोव का इस्तेमाल रूसी नेताओं तक पहुँचने के एक ज़रिया के रूप में करने की कोशिश की थी।

अप्रेल 2015 में उसने इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक को ईमेल भेजा था। इसमें लिखा, मेरा सुझाव है कि आप बेल्याकोव को नोट भेजें। इसमें कहा गया था कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके सलाहकारों को उसके साथ बाजार, मुद्रा और वित्तीय प्रणाली पर चर्चा करने से फायदा हो सकता है। हालांकि, रॉयटर्स को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि एपस्टीन कभी पुतिन से मिला था या उसने रूसी खुफिया एजेंसी के लिए काम किया था। जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2011 में पुतिन से मुलाकात कराने की एक कथित कोशिश आखिरकार नाकाम हो गई थी। इस मामले से जुड़े लोगों ने प्रस्तावित मुलाकात को महज दिखावा बताया।

मॉडलिंग एजेंसी के जरिए भी चलता था नेटवर्क

एपस्टीन के रूस कनेक्शन मॉडलिंग एजेंसियों के जरिए भी जुड़े हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रुनेल की मियामी स्थित मॉडलिंग एजेंसी 'MC2 मॉडल्स मैनेजमेंट' रूस से बड़े पैमाने पर युवतियों की भर्ती करती थी। एपस्टीन इनमें से कुछ मॉडल्स के रहने की व्यवस्था भी करता था। पूर्व मॉडल स्वेतलाना पोजिदायेवा ने रॉयटर्स को बताया कि एपस्टीन ने उनका यौन शोषण किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एपस्टीन ने आर्थिक मदद और इमिग्रेशन से जुड़ी व्यवस्थाओं का इस्तेमाल कर उन्हें अपने ऊपर निर्भर बना लिया था।

2019 में जेल में हुई थी एपस्टीन की मौत

वर्ष 2019 में मैनहट्टन की जेल में जेफरी एपस्टीन की मौत हो गई थी। उस समय वह नाबालिगों से जुड़े यौन तस्करी के संघीय आरोपों का सामना कर रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, रूस में प्रभावशाली लोगों से संबंध बनाने की एपस्टीन की कोशिशों से कोई बड़ा कारोबारी समझौता या पुतिन तक वास्तविक पहुंच हासिल होने का प्रमाण नहीं मिला। हालांकि, रूस से उसके संपर्क और वहां की युवतियों की भर्ती का मामला उसके व्यापक ट्रैफिकिंग नेटवर्क तथा उससे जुड़े ताकतवर लोगों की जांच का अहम हिस्सा बना हुआ है।

Updated on:
22 Nov 2026, 11:35 AM IST
Published on: