
जॉर्डन (Jordan) में 23 अक्टूबर को एक चर्च पर हुए आतंकी हमले (Terrorist Attack) में 9 लोग मारे गए थे और 40 लोग घायल हो गए थे। तीन लोगों ने इस आतंकी हमले को अंजाम दिया था, जिन्हें सुरक्षाबलों ने तीन दिन बाद 26 अक्टूबर गिरफ्तार कर लिया था। अब तीनों को सज़ा सुना दी गई है।
जॉर्डन की एक अदालत ने पिछले महीने चर्च में आतंकी हमले को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को आज, रविवार, 15 नवंबर को सज़ा-ए-मौत सुनाई है। तीनों को फांसी देकर मौत की सज़ा दी जाएगी। आरोपियों में दो लोग सगे भाई हैं और तीसरा उनका एक रिश्तेदार है। दोनों भाइयों के नाम हज्ज़ा ज़ैदान मोहम्मद और मिशाल ज़ैदान मोहम्मद हैं और रिश्तेदार उनका बहनोई है जिसका नाम अहमद सामी हुसैन है।
जॉर्डन के करक गवर्नरेट के हमूद गांव में शुक्रवार 23 अक्टूबर को ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान तीन आतंकियों ने हमला करते हुए ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि तीनों आतंकी फुटपाथ पर पेड़ों और एक दीवार के पीछे छिपकर चर्च में लोगों पर गोलियाँ चला रहे थे और फिर वो दौड़ते हुए चर्च के अंदर चले गए और ताबड़तोड़ गोलीबारी जारी रखी। आतंकियों ने कई मिनटों तक गोलीबारी की, जिससे चर्च में हाहाकार मच गया। हमले के समय चर्च में 150-200 लोग मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी घटनास्थल से उसी कार में फरार हो गए थे, जिसमें वो आए थे। इस आतंकी हमले में 9 लोगों ने अपनी जान गंवा दी और 40 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीनों में से एक आरोपी का आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (Islamic State) से कनेक्शन था और उसी के ज़रिए अन्य दोनों आरोपी भी इस्लामिक स्टेट के संपर्क में आए और तीनों ने मिलकर इस आतंकी हमले को अंजाम दिया।
जॉर्डन में इस हमले को एक असामान्य सुरक्षा घटना माना गया, क्योंकि वहाँ बड़े पैमाने पर आतंकी हमले और खासकर ईसाइयों को निशाना बनाने वाले हमले बहुत कम ही देखने को मिलते हैं। ऐसा नहीं है कि जॉर्डन में पहले कभी आतंकी हमले नहीं हुए, लेकिन देश के सुरक्षाबलों ने इस्लामिक चरमपंथी संगठनों द्वारा किए गए कई हमलों की कोशिशों को बार-बार नाकाम किया है।