विदेश

ट्रंप का फोन तक नहीं उठा रहे किम जोंग उन, चिट्ठी भी नहीं खोली; दूसरी तरफ अमेरिका पर हमले की ताकत बढ़ा रहा उत्तर कोरिया

Donald Trump: किम जोंग उन ने ट्रंप की बातचीत की कोशिशों को नजरअंदाज कर दिया है। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया का परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़कर करीब 60 तक पहुंच गया है। उसकी मिसाइलें अमेरिका तक हमला करने में सक्षम हैं।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 1:26 PM IST
US sanctions on North Korea
डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उन (फोटो-IANS)

Kim Jong Un: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से संपर्क करने के लिए फोन और चिट्ठी समेत कई कोशिशें कीं, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। दूसरी तरफ किम जोंग उन परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ाने और रूस के साथ सैन्य संबंध मजबूत करने में जुटे हैं। रूस के साथ भी उसकी सैन्य नजदीकी बढ़ रही है। ऐसे में उत्तर कोरिया की बढ़ती परमाणु ताकत अमेरिका के लिए नई चिंता बन गई है।

फोन और चिट्ठी का भी नहीं मिला जवाब

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल ट्रंप ने तय राजनयिक रास्तों से किम जोंग उन से बात करने की कोशिश की। इसमें फोन पर संपर्क साधना भी शामिल था, लेकिन वहां से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। जब फोन से बात नहीं बनी तो ट्रंप ने उत्तर कोरिया के नेता को एक पत्र लिखा, मगर उस चिट्ठी को सही जगह पहुंचाना भी अमेरिकी अधिकारियों के लिए आसान नहीं रहा।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने यह पत्र पहुंचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। मैनहट्टन में संयुक्त राष्ट्र के भीतर उत्तर कोरिया के स्थायी मिशन के बाहर अमेरिकी अधिकारी इंतजार करते रहे। जैसे ही वहां से एक उत्तर कोरियाई राजनयिक गुजरा, उसे वह पत्र थमा दिया गया। हालांकि, बाद में संयुक्त राष्ट्र की एक बैठक के दौरान उस राजनयिक ने कथित तौर पर बिना खोला हुआ लिफाफा अमेरिकी प्रतिनिधि के सामने रख दिया।

एशिया दौरे में भी नहीं बन सकी बात

हाल ही में ट्रंप के एशिया दौरे के दौरान भी किम से मुलाकात की नई कोशिशें किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। दोनों तरफ से आखिरी वक्त में आमने-सामने बातचीत की संभावनाएं टटोली गईं, लेकिन किम ने ऐसी शर्तें रख दी जिन्हें अमेरिका मान नहीं सका। अपने पहले कार्यकाल में ट्रंप और किम की तीन बार मुलाकात हो चुकी है, जहां कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त करने पर चर्चा हुई थी। लेकिन 2019 की आखिरी बैठक के बाद से हालात बदले हैं और उत्तर कोरिया ने अपनी मिसाइल व परमाणु ताकत को और मजबूत किया है।

बातचीत के लिए किन शर्तों पर हुआ था मंथन

रिपोर्ट के अनुसार, हालिया दौरे के समय ट्रंप प्रशासन ने किम के साथ बैठक का रास्ता निकालने के लिए कई विकल्पों पर विचार किया था। इनमें 70 साल से ज्यादा समय पहले युद्धविराम के साथ रुके कोरियाई युद्ध को औपचारिक रूप से खत्म करने की बात भी शामिल थी। एक चर्चा यह भी थी कि एक ऐसा बयान जारी किया जाए जिसमें उत्तर कोरिया को परमाणु ताकत वाला देश न माना जाए और न ही उसके परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह खत्म करने की सीधी मांग की जाए। इसके बदले अमेरिका यह कह सकता था कि वह परमाणु और मिसाइल परीक्षण रोक दे। दोनों देशों के बीच संपर्क दफ्तर खोलने पर भी बात हुई थी।

Updated on:
22 Nov 2026, 1:26 PM IST
Published on: