विदेश

ऑस्ट्रेलिया में पहली बार महिला के हाथों में सेना की कमान, सेना प्रमुख बनीं सुसान कॉयल

सुसान कॉयल (Susan Coyle) को ऑस्ट्रेलिया में सेना प्रमुख के पद पर नियुक्त किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब कोई महिला सेना की कमान संभालेगी।

2 min read
Apr 14, 2026
ऑस्ट्रेलिया में सुसान कॉयल को सेना प्रमुख चुना गया (Photo- Aljazeera)

ऑस्ट्रेलिया के 125 साल के इतिहास में पहली बार देश की सेना की कमान एक महिला के हाथ में होगी। लेफ्टिनेंट जनरल सुसान कॉयल (Susan Coyle) को नया सेना प्रमुख बनाया गया है। सुसान कॉयल जुलाई से यह पद संभालेंगी। सुसान कॉयल अफगानिस्तान और पश्चिम एशिया में कई अभियानों का नेतृत्व कर चुकी हैं। सुसान कॉयल (Susan Coyle) की प्रगति यात्रा उनकी बड़ी बहन की प्रेरणा से प्रेरित है।

सुसान कॉयल ने बड़ी बहन से प्रेरित होकर जॉइन की आर्मी

सुसान कॉयल (Susan Coyle) ने अपनी बड़ी बहन से प्रेरित होकर आर्मी जॉइन की थी। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में जन्मीं सुसान कॉयल की बड़ी बहन 'एलिस' साल 1980 में ऑस्ट्रेलियन आर्मी रिजर्व में शामिल हुई थीं। एलिस ने रॉयल ऑस्ट्रेलियन कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स में सेवा दी थी। एलिस से प्रेरित होकर सुसान कॉयल ने आर्मी में जाने का निर्णय लिया और उन्हें ऑस्ट्रेलियन डिफेंस फोर्स अकादमी की स्कॉलरशिप मिली। इसके बाद 1988 में सुसान कॉयल आर्मी ऑफिसर कैडेट के रूप में शामिल हो गईं।

फोर्स के स्पेस और साइबर डोमेन की जिम्मेदारी संभाल रहीं सुसान कॉयल

सुसान कॉयल 1992 में रॉयल मिलिट्री कॉलेज से ग्रेजुएशन करके रॉयल ऑस्ट्रेलियन कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स में शामिल हुईं। वह अभी सेना में जॉइंट कैपेबिलिटीज की चीफ हैं और ऑस्ट्रेलियाई फोर्स के स्पेस और साइबर डोमेन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने तिमोर-लेस्ते, सोलोमन आइलैंड्स, अफगानिस्तान और पश्चिम एशिया जैसे क्षेत्रों में अभियानों का नेतृत्व किया है।

सुसान कॉयल दुनिया की चुनिंदा महिलाओं में शामिल

सुसान कॉयल को ऑस्ट्रेलिया की सेना का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद सुसान कॉयल, उन चुनिंदा महिला अधिकारियों की सूची में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने अपने देशों में शीर्ष सैन्य पद हासिल किए हैं। कनाडा में जेनी कैरिग्नैन को 2024 में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बनाया गया था। स्लोवेनिया में एलेंका एर्मेंक 2018 में सेना प्रमुख बनी थीं। ब्रिटेन में शेरॉन नेस्मिथ को 2024 में वाइस चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया गया था। वह देश के इतिहास में सबसे वरिष्ठ महिला सैन्य अधिकारी बनी थीं।

भेदभाव मिटाने की चुनौती होगी

ऑस्ट्रेलियन डिफेंस फोर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 21% है। लीडरशिप पदों पर यह आंकड़ा 18.5% के आसपास है। इस बीच चुनौतियां भी सामने आई हैं। पिछले साल अक्टूबर में फोर्स के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि सेना ने हजारों महिला अधिकारियों को यौन शोषण, उत्पीड़न और भेदभाव से बचाने में नाकामी दिखाई। सुजन को इन चुनौतियों से पार पाना होगा।

Updated on:
14 Apr 2026 03:25 am
Published on:
14 Apr 2026 03:20 am
Also Read
View All