
दुनियाभर में रोड एक्सीडेंट्स (Road Accidents) के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। आए दिन कहीं न कहीं सड़क हादसों के मामले देखने को मिल रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा आज बांग्लादेश (Bangladesh) में देखने को मिला। यह रोड एक्सीडेंट तड़के सुबह चटगांव के सीताकुंड उपजिले के छोटा कुमिरा इलाके में रॉयल सीमेंट गेट के पास हुआ, जब एक लॉरी ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार ढाका जा रही एक यात्रियों से भरी बस बीच रास्ते में ही खराब हो गई, जिसकी वजह से उसमें सवार यात्री हाईवे किनारे खड़े हो गए और बस के ठीक होने का इंतज़ार करने लगे। तभी ढाका की ओर जा रही एक लॉरी ने हाईवे किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी।
इस रोड एक्सीडेंट में 5 लोगों की मौत हो गई। लॉरी की टक्कर से तीन लोगों ने तो घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दो अन्य लोगों को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लॉरी की हाईवे किनारे खड़े बस यात्रियों को मारी टक्कर में 8 अन्य लोग घायल भी हो गए। घायलों को चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार लॉरी ड्राइवर काफी तेज़ रफ्तार में ड्राइव कर रहा था। इस दौरान अचानक ही लॉरी से उसका कंट्रोल छूट गया और उसने हाईवे किनारे खड़े बस यात्रियों को टक्कर मार दी। मामले की जांच जारी है।
बांग्लादेश में रोड सेफ्टी की स्थिति खराब है। देश में कई जगह सड़कें काफी खराब हैं, लोग यातायात के नियमों का पालन नहीं करते, ज़रूरत से ज़्यादा तेज़ रफ्तार में वाहन चलाते हैं, वाहन चलाते समय लापरवाही करते हैं और कई जगह तो ओवरलोडिंग भी करते हैं। इन सभी कारणों की वजह से हर साल बांग्लादेश में कई रोड एक्सीडेंट्स देखने को मिलते हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं।