
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर महिलाओं और बच्चों से मारपीट का आरोप (फोटो सोर्स- ANI)
Balochistan News: पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित केच जिले में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर घरों में छापेमारी के दौरान महिलाओं और बच्चों से मारपीट करने, मोबाइल फोन और कीमती सामान जब्त करने के आरोप लगे हैं। द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, दो भाइयों के कथित तौर पर जबरन लापता होने और उनके परिवार के साथ पहले भी हुई घटनाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों ने केच जिले की टंप तहसील के गोमाजी गांव में रात के समय कई घरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से घरों में सो रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि छापेमारी के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने घरों में मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट की। इसके अलावा, तलाशी के नाम पर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी या हताहत होने की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सरनकान इलाके में एक दूसरी घटना सामने आई, जहां पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने अदनान बलोच और अधम बलोच नाम के दो सगे भाइयों के घर पर छापेमारी की। दोनों मुहम्मद इब्राहिम के बेटे हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों भाइयों के जबरन लापता होने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि 19-20 अक्टूबर की रात अधम बलोच को एक सशस्त्र समूह उनके घर से उठा ले गया था, जिसे स्थानीय लोग राज्य समर्थित बताते हैं। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, उनके छोटे भाई अदनान बलोच को 19 अगस्त 2026 को हीरानगर होटल से पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है। सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए जाने के बाद से अदनान भी लापता हैं।
सरनकान में हुई छापेमारी के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर पूछताछ के नाम पर महिलाओं और बच्चों को शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इन भाइयों के लापता होने से पहले भी सरकारी कर्मियों द्वारा इस परिवार को कई बार निशाना बनाया गया था। आरोप है कि इससे पहले तीन अलग-अलग मौकों पर इस परिवार के घर पर हथगोले से हमले किए गए थे। इन तमाम गंभीर आरोपों और दोनों भाइयों के जबरन गायब किए जाने को लेकर अब तक पाकिस्तानी अधिकारियों या सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय स्तर पर इस घटना के बाद से तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है।
Updated on:
27 Oct 2026, 1:59 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 1:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.