
Los Angeles Helicopter Crash: अमेरिका के लॉस एंजिलिस में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे की रिपोर्टिंग कर रहा न्यूज हेलिकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर आग के गोले में बदल गया। हादसा चैट्सवर्थ इलाके में उस जगह के करीब हुआ, जहां कुछ देर पहले एक घातक बस टक्कर हुई थी। दमकल अधिकारियों के मुताबिक हेलिकॉप्टर हादसे में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया। घटना ने राहत और बचाव अभियान के बीच एक और गंभीर संकट खड़ा कर दिया।
यह हादसा 9100 ब्लॉक मेसन एवेन्यू के आसपास हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि हेलिकॉप्टर के पास मौजूद कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया और आसपास की किसी इमारत को नुकसान नहीं पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी में चार कारों और दो स्टोरेज कंटेनरों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।
हेलिकॉप्टर जिस घटना को कवर कर रहा था, वह भी सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं थी। LAFD के अनुसार नॉर्डहॉफ स्ट्रीट इलाके में एक MTA बस और यात्री वाहन की टक्कर में कई लोग घायल हुए थे और दमकलकर्मियों को फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाना पड़ा। कम से कम दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, जबकि कई घायलों को अस्पताल भेजा गया।
इसके कुछ समय बाद उसी इलाके में हेलिकॉप्टर हादसे ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। घटनास्थल पर पहुंचे दमकल अधिकारियों ने बताया कि हेलिकॉप्टर बुरी तरह नष्ट हो चुका था। मलबे की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान में उस समय कितने लोग सवार थे।
हेलिकॉप्टर दुर्घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेंगे। जांच में उड़ान की परिस्थितियों, हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना से पहले की गतिविधियों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल अधिकारियों ने किसी संभावित कारण को अंतिम रूप से जिम्मेदार नहीं ठहराया है।